पूरे प्रदेश सहित बुन्देलखण्ड की बर्बाद फसलों का मुआवजा कब देगी सरकार - अजय कुमार लल्लू


लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि - उ0प्र0 के धान किसान बेहद परेशान हैं। धान की खरीद बहुत कम हो रही है। जो थोड़ी सी खरीद हो रही है उसमें रू0 1200 से भी कम रेट मिल रहा है। यही धान कांग्रेस सरकार में रू0 3500 तक बिका था। नमी के नाम पर किसानों का शोषण हो रहा है। शायद पहली बार ऐसा है कि धान गेहूं से सस्ता बिक रहा है। ऐसे में तो किसान की लागत भी नहीं निकलेगी। किसान अगली फसल कैसे लगाएगा। बिजली बिल में लूट चल ही रही है। मजबूरन किसान कर्ज के जाल में फंसता जाएगा। उ0प्र0 सरकार तुरन्त इसमें हस्तक्षेप कर किसान को सही दाम दिलाए वरना कांग्रेस पार्टी आन्दोलन करेगी।

उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने योगी सरकार में अभी तक सरकारी धान क्रय केन्द्र न खोले जाने पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा है कि अभी तक पूरे प्रदेश में धान क्रय केन्द्रों का न खोला जाना पिछले वर्ष असमय हुए अतिवृष्टि एवं ओलावृष्टि से लगातार गहरे संकट में फंसे किसान के साथ सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होने कहा कि धान की फसल खेतों में पककर तैयार हो चुकी है और वह अगली फसल की बोआई की तैयारी में लगा हुआ है ऐसे में क्रय केन्द्रों के न खुलने से वह अपनी उपज को औने-पौने दामों में बिचैलियों के हाथों बेंचने के लिए मजबूर हो रहा है। जो धन क्रय केन्द्र खुले भी हैं उनमें तमाम तरह की कमी बताकर किसानों का शोषण किया जा रहा है। एक तरफ योगी सरकार किसानों की सबसे बड़ी हितैषी होने का स्वांग करती है वहीं धान क्रय केन्द्रों का अभी तक न खुलना किसानों के साथ क्रूर मजाक है। उन्होने कहा कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य के बड़े दावों के बावजूद किसानों को उनकी उपज का लागत देने में भी विफल साबित हो रही है। यह किसानों के साथ बड़ा छलावा है और इससे तंगहाल किसान कर्ज और भुखमरी से बेहाल होकर आत्महत्या जैसे दुःखद कुचक्र में फंस सकते हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विगत दो-तीन वर्षों से लगातार असमय अतिवृष्टि एवं ओलावृष्टि से बुन्देलखण्ड सहित पूरे प्रदेश के किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद होती रही हैं। किन्तु उ0प्र0 सरकार ने किसानों की बर्बाद फसलों का आज तक मुआवजा नहीं दिया। आखिर प्रदेश सरकार किसानों को बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा कब देगी? 


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें