प्रदेश में मजबूत नहीं मजबूर सरकार है - अखिलेश यादव


लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आज लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 118वीं जयंती समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों के पार्टी कार्यालयों में सादगी से मनाई गई। समाजवादी पार्टी के जिला मुख्यालयों पर जयप्रकाश जी के चित्र पर पुष्पांजलि के साथ राजनीति में उनके योगदान पर चर्चा की गई।


राजधानी लखनऊ में जेपी इंटरनेशनल सेंटर में स्थापित जयप्रकाश जी की प्रतिमा पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने माल्यार्पण किया। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भी जयप्रकाश जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको नमन किया गया।


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने बयान में देश के नवनिर्माण के लिए सम्पूर्ण क्रांति की अलख जगाने वाले स्वतंत्रता सेनानी एवं भारतीय राजनीति के युग पुरूष लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर शत-शत नमन किया है।


अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में मजबूत नहीं मजबूर सरकार है। हर मोर्चे पर यह विफल है। समाजवादी सरकार के समय हुए विकासकार्यों से भाजपा चिढ़ी हुई है। अन्यथा लोकनायक जेपी अंतर्राष्ट्रीय केन्द्र की उपेक्षा से क्या संकेत मिलता है? प्रदेश के भव्य स्थलों में से एक यह केन्द्र भाजपा सरकार की आंखो में खटक रहा है इसीलिए उसको बर्बाद किया जा रहा है। रख रखाव के अभाव में परिसर में झाड़ झंखाड़ उग आया है। पत्थर टूटने लगे हैं। संग्रहालय बंद पड़ा है। समाजवादी सरकार के समय जो थोड़ा काम रह गया था उसके लिए भाजपा सरकार बजट नहीं दे रही है। इससे जाहिर है कि भाजपा सरकार और इसके नेतृत्व की मानसिकता कितनी निम्न स्तरीय हैं वह प्रदेश को विकास के नहीं, विनाश के रास्ते पर ले जाना चाहती है।


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें