यूपी के 21 जिलों से केंद्र और राज्य सरकार में कोई मंत्री नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल का बुधवार को विस्तार हो गया। 43 नए मंत्री शामिल किए गए हैं। 15 कैबिनेट मंत्रियों और 28 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। अब केंद्रीय मंत्रिमंडल में यूपी से 5 कैबिनेट मिनिस्टर और 10 स्टेट मिनिस्टर हैं। राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अनुप्रिया पटेल और कौशल किशोर सहित पांच नए सांसद मंत्री बने हैं।

अब योगी आदित्यनाथ सरकार में फेरबदल की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। राज्य सरकार में 52 मंत्री हैं। इसके बावजूद यूपी में अभी ऐसे कई जिले हैं, जहां से कोई नेता केंद्र या राज्य सरकार में मंत्री नहीं है। सबसे पहले मोदी कैबिनेट में यूपी से शामिल मंत्रियों की बात करते हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से संसद हैं। लखनऊ की मोहनलाल गंज सीट से सांसद कौशल किशोर को केंद्र में राज्य मंत्री बनाया गया है। राज्य सरकार में लखनऊ से उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, कैबिनेट मिनिस्टर आशुतोष टंडन, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह और राज्य मंत्री मोहसिन रज़ा हैं। 

चन्दौली के सांसद महेंद्र नाथ पांडेय केंद्र में मंत्री हैं। राज्य सरकार में चंदौली से विधायक अनिल राजभर मंत्री हैं। केंद्र में मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी रामपुर से हैं। रामपुर से विधायक बलदेव सिंह औलख राज्य सरकार में मंत्री हैं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी से सांसद हैं। अमेठी के विधायक सुरेश पासी राज्य सरकार में मंत्री हैं। अब मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल, यूपी से राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा, आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल, महाराजगंज के सांसद पंकज चौधरी, जालौन से सांसद भानु प्रताप वर्मा और खीरी के सांसद अजय मिश्रा केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए गए हैं।

दूसरी ओर आगरा से राज्य सरकार में दो मंत्री गिरिराज सिंह धर्मेश और चौधरी उदयभान सिंह हैं। मिर्जापुर से विधायक रामशंकर सिंह योगी कैबिनेट में हैं। यूपी से केंद्र और राज्य सरकार में मंत्रियों की संख्या 67 है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलग हैं। कुल मिलाकर यूपी में अभी असंतुलन की स्थिति है। कई जिले ऐसे हैं, जिनसे कई मंत्री हैं। जबकि कई जिलों से कोई मंत्री नहीं है। प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ ऐसे जिले हैं, जहां से कई-कई मंत्री हैं।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें