झूठी निकली पूर्व मुख्यमंत्री के निधन की खबर, प्रधानमंत्री मोदी ने जाना हाल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह के निधन को लेकर एक बार फिर अफवाहें उड़ रही हैं। हालांकि आज सुबह ही लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट (SGPGI) ने उनके स्वास्थ्य से संबंधित अपडेट जारी किया था। जिसमें कहा गया है कि राजस्थान के पूर्व राज्यपाल और भाजपा के कद्दावर नेता कल्याण सिंह की हालत पहले से बेहतर है। उनकी धड़कनें सामान्य हैं। ब्लड प्रेशर भी नार्मल है। अच्छी बात यह है कि 5 दिन बाद वह बेड पर बैठ सके हैं। उनसे मिलने आने वाले लोगों को रिस्पांस दे रहे हैं।

दरअसल गुरुवार की रात से यह अफवाह उड़ाई जा रही थी कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन हो गया है। सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैली। उनके प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि देने लगे। लेकिन शुक्रवार की सुबह एसजीपीजीआई से जारी बुलेटिन के बाद सबकी सांस में सांस आई। कल्याण सिंह के करीबी और भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन शुक्रवार को उनसे मिलने संजय गांधी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। शाहनवाज ने बताया कि उन दोनों की 5 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान कल्याण सिंह ने उनका हालचाल पूछा। शाहनवाज ने उन्हें बताया कि वह फिलहाल बिहार में हैं और मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री ने उन्हें ध्यान से काम करने की सलाह दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आज सुबह उनके पोते संदीप सिंह को कॉल कर पार्टी के वरिष्ठ नेता का हालचाल जाना। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने 4 जुलाई को कल्याण सिंह के बेटे राजवीर को फोन कर उनकी सेहत की जानकारी ली थी।
 
गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी लखनऊ पहुंचे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उनसे मिल चुके हैं। कल्याण सिंह का इलाज कर रहे डॉक्टरों की टीम ने बताया कि उनकी हालत में सुधार है। 5 दिन बाद वह बेड पर बैठने में कामयाब रहे हैं। 2 दिन पहले तक उन्हें ज्यादा तकलीफ थी। वह मिलने आने वाले लोगों से भी संवाद नहीं कर पा रहे थे। लेकिन अब सब से बातचीत कर रहे हैं। हालांकि उन्हें लिक्विड डाइट पर रखा गया है। नियमित एक्सरसाइज कराया जा रहा है। उनकी बेटी और दामाद उनके साथ हैं। बताते चलें कि ब्रेन स्ट्रोक और हार्ट अटैक के बाद बीते 3 जुलाई को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उनका इलाज चल रहा था। मगर उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए बाद में उन्हें लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती किया गया था।
 
वहां डॉक्टरों ने उन्हें क्रिटिकल केयर मेडिसिन के ICU में शिफ्ट कर दिया। वहां कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के सीनियर फैकल्टी उनका इलाज कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आज सुबह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करते हुए लिखा, “देश के करोड़ों लोग कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में सुधार के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। वह जल्दी ठीक हो जाएं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के अस्पताल में जाकर उनसे मुलाकात की थी। मैंने भी उनके पोते से बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जाना। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि बातचीत के दौरान कल्याण सिंह ने मेरे बारे में चर्चा की। यह मेरे लिए बेहद भावुक पल हैं। हमने लंबा वक्त साथ गुजारा है। हमारी कई बेहतरीन यादें जुड़ी हुई हैं। कल्याण सिंह से हमेशा कुछ नया सीखने को मिला है।”

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें