विपक्ष भ्रम, अस्थिरता व हिंसा फैलाकर देश को कमजोर करने की कर रहा है कोशिश - जगत प्रकाश नड्डा


आगरा | भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आगरा के कोठी मीना बाजार, मैदान में नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के समर्थन में आयोजित रैली में विपक्ष को देश में भ्रम, अस्थिरता व हिंसा फैलाकर देश को कमजोर करने के लिए आडे़ हाथों लिया। 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के समर्थन में आयोजित रैली के दौरान कहा कि लोकतंत्र में लोकतांत्रिक तरीके से हर किसी को अपनी बात रखने का हक है। अपनी बात मनवाने के लिए अराजकता फैलाने वाले भ्रम में न रहें। सरकार के पास हर समस्या का समाधान है और वह अपने तरीके से करेगी। जिसने भी सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचायी है उससे वसूली तो होकर रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कल तक पीएफआई और सिमी के इशारे पर जगह-जगह आग लगाने पर तुले हुए थे, अब उन्हें इस बात का एहसास हो गया है कि उनकी सम्पत्तियां जब्त हो जाएंगी। अब ये लोग अपनी महिलाओं और बच्चों को आगे करके जगह-जगह माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। 
श्री योगी ने कहा कि पहले की सरकारें उपद्रवियों के पैर छूकर उनसे मिन्नतें किया करती थीं। वर्तमान में सभी विपक्षी दलों की दुकानें बंद हो रही हैं, यही कारण है कि वो भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्षी दल इन मुद्दों को लेकर अपना वोट बैंक बना रहे थे, लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में एक-एक करके सभी मुद्दों का समाधान हो रहा है।      



मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा दायित्व बनता है कि जनता को वास्तविकता से अवगत कराएं ताकि वो राष्ट्रीय पुनर्निर्माण और एक भारत श्रेष्ठ भारत के वर्तमान कार्यक्रम के साथ खुद को जोड़ सकें। कश्मीर में अनुच्छेद 370 के समाप्त होने से विपक्ष की बौखलाहट साफ दिखती है। विपक्ष पाकिस्तान की भाषा बोल रहा है। नागरिकता संशोधन कानून भारत की विरासत से जुड़ा हुआ मुद्दा है। भारत की परंपरा रही है कि उसकी शरण में आए हुए लोगों की वो रक्षा करें। सीएए नागरिकता देने का कानून है, नागरिकता लेने का नहीं। विपक्ष को इसकी वास्तविकता को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों से अयोध्या में भगवान राम के मंदिर निर्माण की जो मांग चली आ रही थी, उसका मार्ग मोदी जी के नेतृत्व में प्रशस्त हुआ है। 
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सीएए के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन कानून भारतीयता के विजय की अभिव्यक्ति है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह कानून भारतीय लोकतंत्र में जनमत के विश्वास की विजय की अभिव्यक्ति है। भारतीय लोकतंत्र में मूल्यों के विजय की अभिव्यक्ति है। भारत के वैदिक कालीन सिद्धांत सबका साथ-सबका विकास व सबके विश्वास के विजय की अभिव्यक्ति है। प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर भारतीयों की विजय की अभिव्यक्ति है। पूर्व से पश्चिम तथा उत्तर से दक्षिण तक एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प की विजय अभिव्यक्ति है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नागरिकता संशोधन विधेयक के संसद में पास होने को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि व ऐतिहासिक सफलता का क्षण है। इसके साथ ही यह भूतो न भविष्यति का क्षण है। उन्होंने कहा कि आज जब हम अपनी उपलब्धि का उत्सव मना रहे है। तब ऐसे में हम नये भारत के निर्माण में अपने संकल्प के प्रति अपनों को समर्पित करने के भाव के साथ यहां एकत्र हुए है। 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नरेन्द्र मोदी व माननीय अमित शाह का नागरिकता संशोधन कानून के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश के विभाजन के साथ ही पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान में नारकीय जीवन व्यतीत करने वाले हमारे भाई-बहनों को भारत की नागरिकता देने वाले इस महत्वपूर्ण व ऐतिहासिक कानून बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  व गृहमंत्री अमित शाह के साथ ही एनडीए के घटक दलों व देश की जनता को बधाई।
 उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रैली में विपक्ष से प्रश्न किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान में रहने वाले हिन्दूओं, सिखों, बौद्ध, जैन, पारसी व ईसाईयों को भारत की नागरिकता देने के लिए यदि भारत के दरवाजे खोेले है तो कांग्रेसियों, सपाईयों व बसपाइयों के सीने में दर्द क्यों हो रहा है। उन्होंने जनता से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि आने वाले समय में विपक्ष और भी अधिक तड़फडाएगा। क्योंकि राजनैतिक असफलताओं से सपा-बसपा-कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष बौखलाया हुआ है और तड़प रहा है। विपक्ष को डर लग रहा है कि जैसे 2014, 2017, 2019 उनके हाथ से चला गया और 2022 उनके हाथ से जाने वाला है उसके बाद 2024 में फिर से नरेन्द्र मोदी आने वाला है। विपक्ष को मोदी के फिर से आने का डर सता रहा है और इसीलिए सारे विरोधी एक हो गए है।
रैली के माध्यम से पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान में धार्मिक आधार पर प्रताड़ित किए गए हिन्दू, सिख व बौद्ध आदि को भारत की नागरिकता देने के लिए बनाए गए नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 की आवश्यकता तथा वास्तविकता को जनता के दरबार में रखा गया। 
प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल के साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकान्त महेश्वरी ने भी रैली में सहभागिता की। प्रदेश महामंत्री, ब्रज क्षेत्र प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ला ने संचालन किया। 
इससे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश आगमन पर नोएडा से लेकर आगरा तक विभिन्न स्थानों पर पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते ही नोएडा में डीएनडी के पास भव्य स्वागत किया गया इसके बाद चले स्वागत के क्रम में जीरो प्वाइंट यमुना एक्सप्रेस-वे ग्रेटर नोएडा, जेवर टोल प्लाजा, वृन्दावन कट मथुरा में नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद आगरा में प्रवेश के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं के उमडे़ जनसैलाब ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का पूरे नगर में भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। 


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें