बजट गांव, गरीब, किसान, नौजवान युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, शहरों सहित समाज के सभी वर्गाें के विकास को समर्पित - स्वतंत्र देव सिंह


लखनऊ | भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को जनकल्याणकारी और शानदार बजट पेश करने के लिए बधाई दी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बजट में जहां उत्तर प्रदेश के सम्पूर्ण विकास की जमीन तैयार की गई है, वहीं युवाओं की आकांक्षाओं को उड़ान देने के लिए योजनाओं के पंख भी लगाए गए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, नौजवान युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, शहरों सहित समाज के सभी वर्गाें के विकास को समर्पित है इसके जरिए सशक्त, समृद्ध, सक्षम और सर्वविकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प साकार होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में ऐतिहासिक बजट पेश किया गया है, जो प्रदेश की जनता को समृद्धि के मार्ग पर ले जाएगा। 
 प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सबसे अधिक युवाओं की आबादी वाला प्रदेश है। उसे मानव संसाधन में बदलकर प्रदेश और देश के विकास की दिशा को बदला जा सकता है। मुख्यमंत्री शिक्षुता, प्रोत्साहन योजना और युवा उद्यमिता विकास अभियान इसी की कड़ी है। इन योजनाओं से युवा प्रशिक्षण के दौरान आर्थिक मदद पा सकेगें वहीं स्वालम्बन की ओर भी बढेगें। नए विश्वविद्यालयों की स्थापना प्रदेश को शिक्षा का सिरमौर बनाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के बजट जहां तुष्टिकरण और निजी एजेण्डे तक सीमित रहते थे, वहीं हमारी सरकार का बजट सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास का प्रतिबिम्ब है। प्रदेश में जहां पूर्वांचंल से लेकर बुन्देलखण्ड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक एक्सप्रेस-वे का जाल बिछाया जा रहा है वहीं बजट में शहरों को हवाई उड़ान से जोड़ने की भी योजना है। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हवाई चप्पल पहनने वाले व्यक्ति भी हवाई जहाज से चल सके का जो सपना दिया था, उसको साकार करने की दिशा में योगी सरकार द्वारा उठाया गया कदम है।
श्री सिंह ने कहा कि किसानों के हित के लिए राज्य सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता और मजबूती से दोहरायी है। बटाईदार से लेकर छोटे किसानों तक को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से जोड़ना एक क्रान्तिकारी कदम है। इससे हर किसान और उसके परिजनों को बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारो के प्रति वचनबद्धता दर्शाते हुए पेंशन योजनाओं, आवास, शौचालय, बिजली, सड़क जैसे बुनियादी सुविधाओं के लिए पर्याप्त बजट आवंटन भी सराहनीय पहल है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रदेश आत्मनिर्भर और मजबूत हो सके इसके लिए मेडिकल कालेजों की स्थापना, आयुष्मान और मुख्यमंत्री जनआरोग्य योजना के तहत बीमा कवर उठाने के लिए राज्य सरकार बधाई की पात्र है। 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था का चेहरा बदला है। जनता में सुरक्षा का विश्वास बढा है। इसे और मजबूत करने के लिए और आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए फोरेंसिक लैब, फोरेंसिक विश्वविद्यालय जैसे शानदार कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं और महिला सशक्तीकरण हमारी सरकार के कार्य व्यवहार का हिस्सा है और बजट में इसकी भरपूर व्यवस्था भी की गई है। महिला पीएसी की बटालियन की स्थापना महिला व बाल अपराधों में कड़ी सजा दिलाने के लिए पाक्सो कोर्ट का गठन मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 12 सौ करोड़ रूपये के बजट का आवंटन महिला सशक्तीकरण के हमारे संकल्प को और मजबूत करेगें। 
उन्होंने कहा कि पर्यटन और संस्कृति किसी भी प्रदेश की आत्मा होती है इसे सवारंने के लिए सरकार ने बजट में दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाई है। भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में वृह्द एयरपोर्ट का निर्माण, तुलसी स्मारक भवन का सुदृढीकरण, काशी में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के सौन्दर्यीकरण के लिए 200 करोड़ रूपये की व्यवस्था सहित, प्रदेश के अन्य सांस्कृतिक स्थलों के विकास के साथ ही कैलाश मानसरोवर यात्रियों के लिए 8 करोड़ रूपये की व्यवस्था जनआकांक्षाओं के साथ खडे़ होने की सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। 


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें