आत्मनिर्भर भारत के लिए सभी अपनी क्षमताओं को देश के विकास के साथ जोडे़ - श्री भूपेन्द्र यादव


लखनऊ। भारतीय जनता के आत्मनिर्भर भारत अभियान से विभिन्न कार्यक्षेत्रों के विभिन्न वर्गो के साथ स्वाबलम्बी भारत, समर्थ भारत, सशक्त भारत व सम्पन्न भारत के मंत्र के साथ जनसंवाद का क्रम जारी है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव ने प्रबुद्ध वर्ग से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को प्रगति के मार्ग पर आगे बढाने के लिए आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को देश समक्ष रखा है। उत्तर प्रदेश का जनमानस आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को ज्यादा अच्छी तरह से समझ सकता है। क्योंकि उत्तर प्रदेश का प्रत्येक जिला स्वयं में विशेषता रखता है। लखनऊ, वाराणसी, कन्नौज, सहारनपुर, मेरठ, हरदोई आदि प्रदेश का कोई भी जिला हो अपने आप में एक उद्योग का समाहित किए हुए है। राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि एक समय देश में लघु एवं कुटीर उद्योग अर्थव्यवस्था का संचालन करने में सक्षम थे। आज फिर देश के हर जिले, हर जगह, छोटे-छोटे कुटीर उद्योगों को आगे बढ़ाने की संभावना के रास्ते खोलने होगें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकल से वोकल का आह्वान किया, हम सभी अपनी क्षमताओं को देश के विकास के साथ जोडे़ इस संकल्पना के साथ हम आगे बढ़ेगें तो निश्चित ही आत्मनिर्भर भारत का संकल्प पूरा होगा। देश में पहले 29 तरह के टैक्स लगते थे, जीएसटी से कानून का सरलीकरण हुआ। जनसंवाद के वर्चुअल माध्यम का संचालन प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने किया तथा डा. अनिल मिश्रा व मनोज शिवाच आयोजक रहे।  


राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव ने लेखक, साहित्यकार, स्तंभकार, क्षेत्र विशेष में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रबुद्ध वर्ग के साथ डिजिटल माध्यम से संवाद करते हुए कहा कि देश की जनता ने एक बार फिर तय किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन की निरन्तरता के साथ मजबूती भी रहना चाहिए। केन्द्र की मोदी सरकार ने पिछले पांच वर्ष में जनधन, आधार और मोबाइल का ढांचा पूरे देश में तैयार किया। उसका परिणाम हुआ कि कोरोना संकट काल में महिलाओं के जनधन खाते, किसानों के खाते, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत माताओं व बहनों को गैस सब्सिडी का पैसा उनके खाते में तथा इसके साथ ही़ दिव्यांग और बुजुर्गों को पेंशन का पैसा उनके खाते में सीधा पहुंचा। हमने पिछले पांच सालों में जो इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया तभी इस आपदा में सहजता से 37 करोड़ लोगों के खाते में सीधे सहायता पहुंच सकी।


श्री यादव ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में है कि देश के सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक व राजनैतिक न्याय मिलना चाहिए। सामाजिक न्याय के तहत केन्द्र सरकार ने एसटी व ओबीसी के आरक्षण को प्रभावित किये बिना सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10 प्रतिशत आरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक व राजनैतिक न्याय तब तक अधूरा है जब तक आर्थिक न्याय न हो देश के सभी वर्गों को देश की आर्थिक धारा में सम्मिलित किया जाय और देश के आर्थिक संसाधनों का पारदर्शिता से वितरण हो और इसीलिए प्रधानमंत्री आवास का पैसा सीधे खातों में गया भाजपा सरकार ने सबसे ज्यादा सड़क बिछाने का काम किया। भारत में पहले 65 एयरपोर्ट थे लेकिन अब भारत में 101 एयरपोर्ट हैं। मेडिकल क्षेत्र में 70 सालों में जितनी सीटें थी मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में उतनी सीटों की दुगनी सीटें कर दी। हर लोकसभा में एक मेडिकल कालेज हो तथा हर जिले में मेडिकल कालेज हो सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है।


भूपेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि बहुत से राष्ट्रीय मुद्दे थे जिनको लम्बे समय तक लटकाया गया। जम्मू कश्मीर में धारा 370 व 35ए के विशेष अधिकार के कारण बहुत सी समस्याएं थी। लद्दाख के लोगों को लगता था कि कश्मीर के कारण लद्दाख के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। लेकिन मोदी सरकार ने धारा 370 व 35ए को जम्मू कश्मीर से समाप्त करके तथा लद्दाख को अलग राज्य का दर्जा देकर एक देश-एक विधान-एक निशान के संकल्प के साथ भारत को जोड़ने का काम किया है। देश का विभाजन धर्म के आधार पर हुआ था। हमारे तीन पड़ोसी देश जिनमें पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांगलादेश ने स्वयं को इस्लामिक राज्य घोषित किया है। वहां पर जो इस्लाम नहीं मानते थे उनकी प्रताड़ना शुरू की गई। इससे बांगलादेश, पाकिस्तान व अफगानिस्तान से अपने परिवार की सुरक्षा, अपने धार्मिक मूल्यों की रक्षा तथा महिलाओं की इज्जत बचाने के लिए विशेष परिस्थितियों में शरणार्थी के रूप में भारत आये। ऐसे लोगों को देश की नागरिकता देने का काम किया गया। इसे मानवता की दृष्टि से उठाया गया कदम न मानते हुए कुछ लोग इस पर राजनीति कर रहे है। उन्होंने कहा कि देश के नायक मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान राम है। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा लिए गए निर्णय से भगवान राम की जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। इसके साथ ही केन्द्र सरकार ने ट्रस्ट बनाकर भव्य राम मंदिर निर्माण की दिशा में तेजी से काम किया है।  


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें