112 से 1090 ए0पी0आई0 इन्टीग्रेशन का कार्य दो माह में किये जायें पूर्ण - अपर मुख्य सचिव, गृह


लखनऊ। अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने आज लोकभवन स्थित अपने सभा कक्ष में सेफ सिटी परियोजना से सम्बन्धित निर्माण एवं अन्य कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने महिलाओं एव बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु परियोजना से सम्बन्धित कार्यो में और अधिक गति लाने के निर्देष सम्बन्धित अधिकारियों को दिये ताकि समस्त कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण हो सके।


श्री अवस्थी ने वूमेन पावर लाइन (1090) के भवन पर प्रथम तल का निर्माण कार्य को माह अगस्त 2020 के अंत तक पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये ताकि वूमेन पावर लाइन की क्षमता को वर्तमान 80 टर्मिनल से दोगुना किया जा सके। उन्होंने लखनऊ शहर में महिलाओं के लिए 74 प्रमुख स्थानों पर पिंक टाॅयलेट का निर्माण पूर्ण गुणवत्ता के साथ माह नवम्बर के अंत तक अवश्य पूर्ण कराये जाने के भी निर्देश प्रदान किये। साथ ही शहर में महिलाओं के लिए 100 प्रमुख स्थानों पर पिंक बूथ का निर्माण कार्य भी अगस्त माह के अंत तक पूरा किये जाने के निर्देश दिये है।


अपर मुख्य सचिव, गृह ने 1090 पर डाटा एनलाटिक्स और साइबर फारेसिंक को मजबूत किये जाने का कार्य तथा 112 से 1090 ए0पी0आई0 इन्टीग्रेशन का कार्य को दो माह में पूर्ण किये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि 2830 स्थानों पर एलईडी लाइटे लगाये जाने का कार्य नगर निगम, लखनऊ द्वारा प्राथमिकता से पूर्ण कराया जाय। शहर मे संचालित सिटी बसो में पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस डिवाइस इत्यादि लगाने से सम्बन्धित आवश्यक कार्यवाही नियमानुसार शीघ्र पूर्ण कर समस्त कार्यो को कराया जाय।


उल्लेखनीय है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा निर्भया फण्ड की स्थापना की गयी है। गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा देश के 08 शहरो को चिन्हित कर उनमें सेफ सिटी परियोजना लागू की गयी है। इस परियोजना के लिए प्रदेश के लखनऊ शहर का भी चयन किया गया है। इसी के तहत लखनऊ शहर में विभिन्न कार्य कराये जा रहे है।


बैठक में परियोजना से सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा लखनऊ सेफ सिटी परियोजना के क्रियान्वयन/उपकरणों हेतु शासन द्वारा आवंटित धनराशि के सापेक्ष अब तक किये गये व्यय एवं कराये जाने वाले कार्यो की भौतिक प्रगति पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में बताया गया कि लखनऊ पुलिस के लिये 10 टी0यू0वी0 तथा 100 होण्डा एक्टिवा प्राप्त कर ब्राण्डिग करा ली गयी है तथा इनके रजिस्ट्रेशन कराये जा चुके हैं । लखनऊ पुलिस के लिये माॅडल पिंक बूथ 1090 के प्रांगण में बना दिया गया है तथा लगभग 25 स्थानों पर इसको बनाये जाने की कार्यवाही चल रही है। लखनऊ पुलिस के लिये इण्टीग्रेटेड स्मार्ट कन्ट्रोल रूम के सिविल वर्क का कार्य राजकीय निर्माण निगम द्वारा किया जा रहा है।


बैठक में सचिव गृह भगवान स्वरूप, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय, बी0पी0 जोगदण्ड, अपर पुलिस महानिदेशक, वूमेन पावर लाइन, नीरा रावत, विशेष सचिव, राम निवास शर्मा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें