अब तक धारा 188 के तहत 2,17,813 लोगों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज - अवनीश कुमार अवस्थी


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने आज यहां लोक भवन में प्रेस प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री गोरखपुर दौरे पर हैं तथा गोरखपुर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी के साथ कुशीनगर एयरपोर्ट का संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किया गया महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, जिसेएयरपोर्ट अथाॅरिटी ऑफ़ इण्डिया ने टेकओवर कर लिया है, पट्टी का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। उन्होंने बताया कि यह पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए बहुत बड़ा इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट होगा। श्री अवस्थी ने बताया कि सिविल एविएशन बिल्डिंग का कार्य भी पूर्ण हो रहा है। यह योजना बुद्धिस्ट सर्किट के लिए भी विशेष होगा। प्रदेश के विकास में यह योजना मील का पत्थर साबित होगी।


श्री अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल पूर्वान्ह में  बी0आर0डी0 मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के बाल चिकित्सा संस्थान में 300 शैय्यायुक्त कोविड-19 अस्पताल लेवल-3 का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह कोविड का बड़ा अस्पताल है जो बी0आर0डी0 मेडिकल काॅलेज के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा कल सायंकाल के0जी0एम0यू0 मेडिकल काॅलेज लखनऊ में भी 320 शैय्यायुक्त कोविड-19 चिकित्सालय का उद्घाटन करेंगे। यह प्रदेश का सबसे बड़ा कोविड-19 हाॅस्पिटल होगा। उन्होंने बताया कि इस उद्घाटन अवसर पर वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, विधायी एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक तथा राज्य मंत्री चिकित्सा शिक्षा संदीप सिंह भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस कोविड-19 हाॅस्पिटल में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसमें आई0सी0यू0 के 100 बेड, पी0आई0सी0यू0 के 6 बेड, एन0आई0सी0यू0 के 06 बेड तथा 04 आपरेशन थिएटर होंगे। उन्होंने बताया कि यह एक बेस अस्पताल होगा जिसके माध्यम से कोविड-19 के मरीजों का इलाज सुचारू रूप से किया जायेगा।


श्री अवस्थी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के लिए यह हर्ष की बात है कि इज ऑफ डूइंग बिजनेस में उ0प्र0 देश में दूसरा स्थान आया है, जिसे केन्द्रीय वित्त मंत्री जी ने कल ही घोषित कर दिया था। उन्होंने बताया कि कल ही मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि प्रदेश आगे भी इसी तरह से मेहनत करता रहेगा और अव्वल स्थान प्राप्त करेगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर, इन्वेसमेंट तथा प्रत्येक सेक्टर के लिए योजनाएं लागू की जाएंगी। रोजगार एवं मैनपाॅवर पर जोर दिया जायेगा। यह प्रदेश के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।


श्री अवस्थी ने बताया कि प्रदेश में बसों का सुचारू रूप से संचालन किया जा रहा है। कल 5900 बसों के माध्यम से 9,70,000 लोगों ने यात्रा की। उन्होंने बताया कि अन्र्तराष्ट्रीय उड़ानों के माध्यम से वाराणसी, लखनऊ, आगरा में मई माह में 3,425, जून में 16,431, जुलाई में 47,372, अगस्त में 45,525 तथा सितम्बर में 5,846 लोग, इस प्रकार कुल 1,18,599 लोग वन्दे भारत मिशन के अन्तर्गत प्रदेश में आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले लोगों की मेडिकल जांच कराकर स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार होम क्वारंटीन किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध करायी गयी। उन्होंने बताया कि प्रदेश की जेलों में अस्थायी कारागार बनाकर कोविड-19 संक्रमण से बचाव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जैसे ही जानकारी मिलती है मेडिकल टीम द्वारा तत्काल परीक्षण कर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चिित कराई जा रही है।


श्री अवस्थी ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा की गयी कार्यवाही में अब तक धारा 188 के तहत 2,17,813 लोगों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक 1,45,37,166 वाहनों की सघन चेकिंग में 70,892 वाहन सीज किये गये। चेकिंग अभियान के दौरान 75,24,02,309 रूपए का शमन शुल्क वसूल किया गया। आवश्यक सेवाओं हेतु कुल 4,35,019 वाहनों के परमिट जारी किये गये हैं। उन्होंने बताया कि कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने वाले 1222 लोगों के खिलाफ 905 एफआईआर दर्ज करते हुए 436 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि फेक न्यूज के अन्तर्गत अब तक 2458 मामलों में संज्ञान में लेते हुए कार्यवाही की गयी है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में 89 एफआईआर दर्ज करते हुए 26 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कन्टेनमेंट जोन में 89,26,152 लोगों को चिन्हित किया गया है। इन कन्टेनमेंट जोन में कोरोनो पाॅजीटिव लोगों की संख्या 45,275 तथा इन्टीट्यूशल क्वारंटीन किये गये लोगों की संख्या 33,762 है। प्रदेश में हाॅटस्पाॅट वाले बस्तियों की अनुमानित जनसंख्या 82,45,558 के सापेक्ष 17,030 डोर स्टेप डिलिवरी मिल्क बूथ/मैन के द्वारा दूध वितरित किया गया है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के सम्बंध में राहत आयुक्त कार्यालय में राज्य स्तर पर स्थापित एकीकृत आपदा नियंत्रण केन्द्र के टोल फ्री हेल्पलाइन नं0-1070 पर प्राप्त 1,20,022 काॅल्स में से 1,19,604 का निस्तारण किया गया है।


अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोविड-19 टेस्टिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रदेश में कल एक दिन में अब तक का सर्वाधित 1,55,946 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 65,00,969 सैम्पल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विगत 24 घंटे में कोरोना के 6,777 नये मामले आये है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 61,625 कोरोना के एक्टिव मामले हैं। होम आइसोलेशन में 32,094 लोग हैं, अब तक कुल 1,23,802 लोग होम आइसोलेशन का विकल्प ले चुके हैं जिनमें से 91,708 लोगों का होम आइसोलेशन का पीरियड समाप्त हो चुका है और ये सभी लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। प्रदेश में अब तक 2,00,738 मरीज पूरी तरह से उपचारित हो चुके है। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 90,737 क्षेत्रों में 3,22,488 टीम के माध्यम से 2,16,88,605 घरों के 10,88,59,258 लोगों का सर्वेक्षण किया गया है।


श्री प्रसाद ने बताया कि संक्रमण से बचाव हेतु बार-बार साबुन-पानी से हाथ धुलते रहें और घर से बाहर जब भी निकलें या सार्वजनिक स्थान पर रहें तो उस समय मास्क अवश्य लगायें और लोगों से दो गज की दूरी बनाये रखें। उन्होंने कहा कि मास्क व दो गज की दूरी बनाये रखने से अन्य बीमारियों से भी बचाव किया जा सकता है।


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें