भाजपा किसी परिवार के द्वारा संचालित होने वाला दल नहीं - स्वतंत्रदेव सिंह


लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भाजपा किसी परिवार के द्वारा संचालित होने वाला दल नहीं है। बल्कि संगठन के आधार पर आगे बढने वाला राजनैतिक दल है। पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से सेक्टर संरचना पार्टी की सफलता को निर्धारित करने का एक बड़ा फैक्टर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आहवान करते हुए कहा कि हर सेक्टर को भाजपा का अभेद्य किला बनाना है, जिससे विपक्ष आपकी सक्रियता व  समर्पण के आगे घुटने टेक दे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार के साहसिक निर्णय तथा जनकल्याणकारी कार्यों तथा प्रदेश की योगी जी के नेतृत्व की भाजपा सरकार के कार्यों की पूंजी लेकर उसे बूथ तक पहुंचाने का काम भी करना हैं।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सेक्टर प्रभारी व संयोजक प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्नाव जिले के बांगरमऊ व बुलन्दशहर विधानसभा के सेक्टर संयोजक, प्रभारी, मण्डल के प्रभारी, अध्यक्ष, महामंत्री व विधायकों से डिजिटल प्लेटफार्म पर जुड़ते हुए सम्बोधित किया।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केन्द्र व  प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद हर गांव में बिजली, पानी, सड़क, सभी को आवास, शौचालय, बैंक एकाउन्ट, गैस कनेक्शन पहुंचाकर अन्त्योदय का संकल्प पूर्ण हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा विचार आधारित पार्टी है और इस विचार की रक्षा के लिए डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व प. दीनदयाल उपाध्याय जैसे युग पुरूषों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। आज उन्हीं के बलिदान, त्याग, तपस्या और संघर्ष से भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल हैं। भाजपा की पूरी शक्ति संगठन के वैचारिक अधिष्ठान में निहित है। पार्टी के मूल में संगठन के विस्तार में ही सभी के राजनैतिक जीवन का ध्येय निहित है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के केन्द्र में है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वंशवाद व जातिवाद की राजनीति से देश बाहर निकल चुका हैं। अब विचार व कार्यों के आधार पर ही जनता राजनैतिक सफलता निर्धारित करती है। राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों के साथ पूरा देश एकजुटता के साथ खड़ा हुआ है और देश का जनमानस देश को तोड़ने वाले परिवारवादी व अलगाववादी विचारों को बार-बार नकार कर स्पष्ट संदेश भी दे चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक व सामरिक शक्ति समपन्न बन रहा है। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से हम सभी अपना संकल्प जोड़कर साथ चले। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सतत सम्पर्क, संवाद व सहयोग के द्वारा बूथ स्तर तक एक-एक व्यक्ति तक जुड़ते हैं और यही भाजपा की शक्ति का आधार है।    


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें