कोविड-19 के लिए कुछ और प्राइवेट अस्पतालों को करें चिन्हित - केशव प्रसाद मौर्य


प्रयागराज। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को सर्किट हाउस प्रयागराज के सभागार में कोविड-19 एवं विकास कार्यो की प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक की। बैठक में कोविड-19 की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने संक्रमण के प्रसार को फैलने से रोकने के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग की संख्या को और बढ़ाया जाये, कान्टैक्ट ट्रेसिंग को शत-प्रतिशत रुप से सुनिश्चित किया जाये। उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि स्वास्थ्य विभाग परीक्षण केन्द्रों पर परीक्षण से संबंधित सभी आवश्यक सुविधाए सुनिश्चित करें। परीक्षण केन्द्रों पर आने वाले लोगों को परीक्षण में किसी भी प्रकार की समस्या न हो तथा जो लोग भी परीक्षण के लिये आयें उनका अनिवार्य रुप से परीक्षण किया जाये।  उन्होंने कहा कि परीक्षण कराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाये। होम आइसोलेशन का प्रभावी ढंग से अनुश्रवण करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखकर ही होम आइसोलेंशन की अनुमति दी जाये।


जिलाधिकारी भानु चन्द गोस्वामी ने  बताया कि अधिक उम्र वालों तथा पूर्व में किसी बीमारी से ग्रस्त लोगों के होम आइसोलेशन की अनुमति के संबंध में विशेष सावधानी बरती जा रही है। जिससे कि ऐसे लोगों को बीमारी की गंभीरता से बचाया जा सके।


उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को प्रतिदिन अटेंड किया जाये तथा उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी नियमित रुप से किया जाता रहे। उन्होंने कहा कि भर्ती मरीजों के साथ चिकित्सक, नर्स व वार्ड ब्वाय अच्छा व्यवहार करें। उन्होंनें कोविड-19 के लिए 4-5 और प्राइवेट अस्पतालों को चिन्हित करने के लिए कहा है ,जहां पर लोग चाहें ,तो सरकार के द्वारा निर्धारित रेट पर अपना उपचार करा सकें। उनको इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े। वेंटिलेटर की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करने पर बताया गया कि वेंटिलेटर की पर्याप्त उपलब्धता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को मास्क लगाने तथा निर्धारित मानको व दूरी का अनुपालन करने के लिए प्रेरित किया जाये।


उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य स्वरूपरानी अस्पताल पहुच कर पूर्व में कोरोना पाजिटिव रह चुके डाॅक्टर रोहित सिंह तथा डाॅक्टर विवेक कुवर को कोरोना मरीजो के उपचार के लिए प्लाजमा डोनेट करने पर उनका उत्साहबर्धन किया एवं प्रशस्ति-पत्र दे कर सम्मानित किया ।इस अवसर पर प्रचार्य डाक्टर एस.पी. सिंह व अन्य चिकित्सकगण उपस्थित रहें।


उप मुख्यमंत्री ने विकास कार्यो में तेजी से गति लाये जाने के दिये निर्देश


उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कोविड-19 की समीक्षा के बाद विकास कार्यो की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को विकास कार्यो में  गति लाये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जो भी परियोजनायें स्वीकृत हेैं ,उन पर तेजी से कार्य किया जाये। उन्होंने जमीन अधिग्रहण सहित अन्य कार्रवाईयों को प्राथमिकता पर कराये जाने को कहा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिया जाये। उन्होंने मलाक हरहर से म्योराबाद तक गंगा जी पर बनने वाले 6 लेन पुल, राम वन गमन मार्ग, रिंग रोड, बक्शी बांध एवं सलोरी में बनने वाले आरओबी सहित तथा अन्य परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य से संबंधित सभी आवश्यक कार्रवाइयों को प्राथमिकता पर किये जाने का निर्देश दिया है। उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों में बन रहे पंचायत भवनों के निर्माण की प्रगति के संबध में भी जानकारी प्राप्त की। जिसमें बताया गया कि कुछ जगहों को छोड़कर अन्य सभी जगहों पर निर्माण कार्य चल रहा है। कुछ जगहों पर स्थान या भूमि से संबंधित समस्या है ,जिसका शीघ्र ही निस्तारण कर लिया जायेगा।


 उप मुख्यमंत्री ने माघमेला आयोजन के संबंध में भी चर्चा करते हुए कहा कि यह एक अनुष्ठान है। इसको खंडित नहीं होने दिया जायेगा।


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें