गोरखपुर वि0वि0 के छात्र नेता अनिल दुबे के नेतृत्व में सैंकड़ो छात्र नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ


लखनऊ। कांग्रेस पार्टी की नीतियों में आस्था व विश्वास व्यक्त करते हुए आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र नेता अनिल दुबे ने अपने सैंकड़ों साथियों, छात्र नेताओं एवं छात्रों सहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के समक्ष कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सदस्यता ग्रहण कर रहे युवाओं और छात्र नेताओं, छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि योगी सरकार युवाओं और छात्रों के हितों के साथ लगातार कुठाराघात कर रही है। भाजपा सरकार युवा और छात्र विरोधी है। प्रदेश में छात्रसंघों की अघोषित तालाबन्दी और छात्र हितों की बात उठाने वाले हर छात्र नेता को जेल भेजने की घटनाएं योगी राज में युवा और छात्र विरोधी रवैये को खुद ब खुद बयां कर रही हैं। प्रदेश में भर्तियां पूरी तरह बन्द हैं जो भर्तियां होती हैं वह घोटालों की भेंट चढ़ रही हैं। कांग्रेस ने हमेशा युवाओं और छात्रों के हितों के लिए संघर्ष किया है।  

सदस्यता ग्रहण के तुरंत बाद छात्र नेता अनिल दुबे ने कहा कि वह राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के संदेशों को प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में पूर्वांचल के गांव-गांव तक ले जाएंगे। उन्होने कहा कि आज रोजगार नहीं है। भर्तियों में घोटाले हो रहे हैं। छात्र नौजवान जब इसके खिलाफ आवाज उठाता है तो उसे जेलों में ठूंसा जाता है। छात्रों और युवाओं का दमन हो रहा है। अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में हम समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति की लड़ाई लड़ने में पीछे नहीं हटेंगे।


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें