मुख्यमंत्री ने नीट-2020 की परीक्षा में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर टाॅप करने वालीं कु0 आकांक्षा सिंह को किया सम्मानित


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (नीट-2020) में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर टाॅप करने वालीं कु0 आकांक्षा सिंह को टैबलेट देकर सम्मानित किया। उन्होंने कु0 आकांक्षा सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कु0 आकांक्षा सिंह की यू0जी0 की पूरी पढ़ाई के खर्च सहित फूडिंग व लाॅजिंग की व्यवस्था प्रदेश सरकार द्वारा किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कु0 आकांक्षा सिंह के घर तक जाने वाली सड़क को ठीक कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कु0 आकांक्षा सिंह को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि कु0 आकांक्षा सिंह को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रखने के सम्बन्ध में ‘नीट’ को पत्र लिखा जाए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के साथ बालिकाओं के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है। ‘नीट-2020’ परीक्षा में जनपद कुशीनगर की कु0 आकांक्षा सिंह ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि कु0 आकांक्षा सिंह प्रदेश की सभी बालिकाओं के लिए एक रोल माॅडल हैं। विलक्षण प्रतिभा सम्पन्न कु0 आकांक्षा सिंह उत्तर प्रदेश का गौरव हैं। कु0 आकांक्षा सिंह के माता-पिता व परिवार के सदस्यों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सामान्य परिवार में जन्म लेकर ऊँचे इरादों के साथ परिश्रम व लगन से कु0 आकांक्षा सिंह ने अपने लक्ष्य को प्राप्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कु0 आकांक्षा सिंह इसी तरह अनवरत आगे बढ़ती रहेंगी।


मुख्यमंत्री ने कु0 आकांक्षा सिंह के पिता राजेन्द्र कुमार राव से कहा कि उन्होंने वायु सेना में रहकर देश की सेवा की है। इसलिए वे पूर्वांचल क्षेत्र के बच्चों को सेना में जाने के लिए प्रोत्साहित करें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कु0 आकांक्षा सिंह के माता-पिता को शाॅल भेंट की तथा कु0 आकांक्षा सिंह के भाई अमृतांश को भी टैबलेट प्रदान किया।


ज्ञातव्य है कि श्रीमती रुचि सिंह एवं राजेन्द्र कुमार राव की पुत्री कु0 आकांक्षा सिंह को राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (नीट-2020) में 720 अंकों की परीक्षा में शत-प्रतिशत 720 अंक प्राप्त हुए हैं। इस परीक्षा में पूर्णांक प्राप्त करने वाले एक अन्य अभ्यर्थी से आयु कम होने के कारण कु0 आकांक्षा सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। कु0 आकांक्षा सिंह को बैडमिण्टन खेलने एवं संगीत सुनने में विशेष रुचि है। कु0 आकांक्षा सिंह ने नवजीवन मिशन कसया, कुशीनगर से 97.7 प्रतिशत अंकों के साथ कक्षा-10 तथा प्रगति पब्लिक स्कूल, नई दिल्ली से 96.4 प्रतिशत अंकों के साथ कक्षा-12 की परीक्षा उत्तीर्ण की।


इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, मुख्य सचिव आर0के0 तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा डाॅ0 रजनीश दुबे, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें