भाजपा की राजनीति नफरत बांटने और आपस में लड़ाने की रही है: अखिलेश यादव


लखनऊ। समाजवादी पार्टी कार्यालय, लखनऊ में आज सिख धर्म के संस्थापक गुरूनानक देव जी का 551वां प्रकाश पर्व बड़ी संख्या में सिख समाज के लोगों की उपस्थिति में मनाया गया। इस मौके पर अरदास के अलावा शबद कीर्तन का भी आयोजन किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरूनानक देव जी के चित्र पर माल्यार्पण के पश्चात अपने सम्बोधन में कहा कि आज की विषम परिस्थितियों में नानक देव जी के उपदेश व शिक्षाएं और भी ज्यादा प्रासंगिक है। वे पूरे मानव जगत के थे। उन्होंने जो रास्ता दिखाया वही सच्चा रास्ता है। हमें उस पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।



अखिलेश यादव ने गुरूनानक जयंती पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि गुरूनानक देव जी ने परमात्मा की प्राप्ति के लिए पाखण्ड, भ्रम व जादू टोना आदि का खण्डन कर सिमरन पर बल दिया। उनकी शिक्षाओं से समाज में नई तबदीली आई और उसको नई शक्ति तथा सम्मान मिला। उन्होंने धर्म का सच्चा व सही स्वरूप दिखाया। उन्होंने व्यक्तियों को मानवीय स्वतंत्रता का संकल्प दिया।


यादव ने कहा कि सिख समाज मेहनती है और पूरी दुनिया में उन्होंने भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भारत की छवि बिगाड़ी हैं वह झूठ का रास्ता अपनाती है। गुरूनानक ने जातपांत और आपस में नफरत के खिलाफ आवाज उठाकर नया संदेश दिया था। भाजपा की राजनीति नफरत बांटने और समाज को आपस में लड़ाने की है।



उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष सरदार हरपाल सिंह जग्गी ने प्रारम्भ में अरदास करते हुए अखिलेश यादव को 2022 में उत्तर प्रदेश का पुनः मुख्यमंत्री बनने की शुभकामना की। उन्होंने बताया कि समाजवादी सरकार के समय ही सिख समाज और पंजाबी भाषा को सम्मान मिला। भाजपा ने तो उन्हें उपेक्षित और अपमानित करने का काम किया है। समाजवादी सरकार में गुरमुखी शिक्षण के लिए 55 लाख रूपए के वजीफे कक्षा 8 से 12 तक के छात्र-छात्राओं में बांटे गए थे।



जग्गी ने बताया कि भाजपा राज में गुरमुखी प्रोत्साहन योजना के तहत छात्र-छात्राओं की स्कालरशिप समाप्त कर दी गई है। पंजाबी अकादमी का बजट भाजपा के निजी कार्यक्रमों पर खर्च हो रहा है। साहित्यकारों, कलाकारों को राज्य सम्मान से वंचित कर दिया गया है। यशभारती सम्मान बंद कर उनकी पेंशन भी खत्म कर दी गई है। सिख समाज की ओर से अखिलेश को सरोपा, कृपाण, स्वर्णमंदिर की प्रतिकृति तथा गुरू नानक देव जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें