मुख्यमंत्री ने स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स को शीघ्र क्रियाशील करने के दिये निर्देश - अपर मुख्य सचिव, गृह


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के गठन हेतु की जाने वाली सभी औपचारिकताओं को यथाशीघ्र पूर्ण कर इसको मूर्तरूप दिये जाने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में शासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि आगामी 26 जनवरी 2021 की परेड में इस नये बल की टुकड़ी भी भाग ले सके।

अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी की अध्यक्षता में आज लोक भवन स्थित सभाकक्ष में सम्पन्न एक उच्चस्तरीय बैठक में यह जानकारी दी गयी। बैठक में इस दिशा में अब तक हुई कार्यवाही की प्रगति की समीक्षा भी की गयी। उल्लेखनीय है कि राज्य के महत्वपूर्ण स्थानों आदि की सुरक्षा व्यवस्था प्रोफेशनल तरीके से सुनिश्चित किये जाने हेतु पृथक से इस सुरक्षा बल के गठन का निर्णय लिया गया था। प्रथम चरण में इस विशेष सुरक्षा बल की 5 वाहनियां गठित की जानी है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस नये बल के लिये एक अपर पुलिस महानिदेशक, एक पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस उप महानिरीक्षक, एक पुलिस अधीक्षक, 02 पुलिस उपाधीक्षक एवं निरीक्षक स्तर के अधिकारी की तत्काल तैनाती की जाये, जिनको स्थापना सम्बन्धी कार्याें का अनुभव हो। इस विशेष बल के संचालन हेतु तैयार की जा रही नियमावली को भी एक सप्ताह में शासन के समक्ष प्रस्तुत किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।


बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस बल कोे शीघ्र क्रियाशील करने के लिए तात्कालिक रूप से 03 वर्ष हेतु प्रतिनियुक्त पर पुलिस कर्मियों की तैनाती कर ली जाय। उसके बाद चरणबद्ध रूप से नियमानुसार व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।

अपर मुख्य सचिव, गृह ने इस बल के मुख्यालय आदि के गठन सम्बन्धी प्रस्ताव भी यथाशीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं। बैठक में जानकारी दी गयी कि प्रथम चरण में इस बल की तैनाती सभी जनपदीय न्यायालयों, उच्च न्यायालय, मेट्रो स्टेशनों पर की जायेगी। तदोपरान्त बल की उपलब्धता बढ़ते ही अन्य निर्धारित स्थानों पर की जा सकेगी।


Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें