मनीष सिसोदिया के साथ किसी भी दुर्व्यवहार या अप्रिय घटना के लिए मुख्यमंत्री होंगे ज़िम्मेदार- संजय सिंह

लखनऊ। पार्टी प्रदेश कार्यालय में हुई एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को  शिक्षा पर खुली बहस की चुनौती दी थी। इस चुनौती को स्वीकार करते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया कल उत्तर प्रदेश पहुंचने वाले हैं लेकिन अभी तक उत्तर प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश के मंत्री सिद्धार्थ नाथ की तरफ से समय और जगह तय नहीं की गई है ना ही इस पर उनका कोई बयान आया है।

संजय सिंह ने कहा कि कल दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया उत्तर प्रदेश में बहस करने के लिए आ रहे हैं। लगातार समय बीतता जा रहा है, पहले 24 घंटे, फिर 48 घंटे और फिर 72 घंटे बीत गए, लेकिन सिद्धार्थ नाथ जी की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है। हम सोच रहे थे कि उत्तर प्रदेश के माननीय मंत्री सिद्धार्थ नाथ ने जो ऐलान किया है, उस चुनौती को स्वीकार करेंगे और मनीष सिसोदिया से बहस करने के लिए तैयार होंगे, लेकिन अभी तक एक भी शब्द सिद्धार्थ नाथ जी की तरफ से नहीं आया है।

संजय सिंह ने आगे कहा कि हम दिल्ली के केजरीवाल मॉडल और यूपी के आदित्यनाथ मॉडल पर खुली बहस करना चाहते हैं। यह बहस चाहे शिक्षा पर हो, स्वास्थ्य पर हो, बिजली पर हो, पानी पर हो, महिला सुरक्षा पर हो या फिर बुजुर्गों की पेंशन पर हो। हम हर मुद्दे पर खुली बहस करने के लिए तैयार हैं। इसी खुली बहस के लिए मनीष सिसोदिया उत्तर प्रदेश आ रहे हैं। लेकिन अभी तक सिद्धार्थ नाथ की तरफ से बहस करने के लिए समय और स्थान बताने और चुनौती को स्वीकार करने के लिए एक भी शब्द नहीं कहा गया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, कि कल दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आपकी उत्तर प्रदेश सरकार के एक मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के आमंत्रण पर बहस के लिए आ रहे हैं। यदि उन पर किसी भी प्रकार का कोई हमला या उनके साथ किसी भी प्रकार की कोई दुर्घटना, दुर्व्यवहार होता है, तो उसके लिए सीधे तौर पर आप और आपकी सरकार जिम्मेदार होगी। उन्होंने कहा कि हमें जो जानकारी प्राप्त हुई, हमने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ इस मंच के माध्यम से साझा कर दी है। कल दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया उत्तर प्रदेश आ रहे हैं। अब यह योगी आदित्यनाथ की जिम्मेदारी है, कि वह एक प्रदेश के उपमुख्यमंत्री को सुरक्षा उपलब्ध कराएं, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें।

एक अन्य बिंदु पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, कि भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी पर ऑक्सीमीटर की खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। मैं पिछले 3 दिन से भारतीय जनता पार्टी के इन मंदबुद्धि लोगों से एक ही प्रश्न पूछ रहा हूं, कि आपको टेबल टॉक ऑक्सीमीटर और सामान्य ऑक्सीमीटर का अंतर पता चला या नहीं पता चला? परंतु अभी तक भारतीय जनता पार्टी की ओर से किसी प्रकार की कोई प्रतिक्रिया, कोई जवाब हमें प्राप्त नहीं हुआ है।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें