पुलिस की नाकेबंदी को धता बताकर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू एवं कई कांग्रेसी नेता पहुंचे ललितपुर

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज ट्वीट करके कहा कि उ०प्र० कांग्रेस के प्रिय सिपाहियों, आप खेती किसानी की दुर्दशा उजागर करने और गौवंश के साथ हो रहे अनाचार का पर्दाफाश करने के लिए पदयात्रा निकाल रहे हैं। आप "गाय-बचाओ-किसान-बचाओ" का नारा बुलंद कर रहे हैं। दुनिया की कोई भी शक्ति आपको किसान हित का सवाल उठाने से रोक नहीं सकती।

कांग्रेस पार्टी द्वारा पूर्व घोषित गाय बचाओ-किसान बचाओ पदयात्रा आज ललितपुर से शुरू हुई। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित पुलिस की नाकेबंदी को धता बताकर कई कांग्रेस नेता ललितपुर पहुंचे। ललितपुर से चित्रकूट तक जाने वाली पदयात्रा बुंदेलखंड के हर जिले से होते हुए गुजरेगी। पदयात्रा में राष्ट्रीय सचिव समेत कई वरिष्ठ नेता एवं सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे।

गाय की अस्थियां घड़े में लेकर अजय कुमार लल्लू पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। पूर्व घोषित कार्यक्रम के बावजूद प्रदेश की योगी सरकार के इशारे पर पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, बाजीराव खाड़े, पूर्व सांसद प्रदीप जैन, उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। देर सायं तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित सैंकड़ों कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता को पुलिस की हिरासत में ले लिया गया।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पदयात्रा का नेतृत्व करते हुए कहा कि गौशालाओं में गायों की स्थिति सुधारो। गौशालाओं में चारे के अभाव में, सर्दी के चलते गायें मर रही हैं? इस पर रोक लगना चाहिए। गौशालाओं के नाम पर आया करोड़ों रुपया कहां गया? एक तरफ गौशालाओं में गायों की स्थिति खराब है, दूसरी तरफ किसान परेशान है? क्या योगी आदित्यनाथ की सरकार से ये सवाल पूछना गुनाह है? आखिर ये तानाशाही क्यों? योगी नहीं चाहते कि गाय बचाओ, किसान बचाओ का नारा जन-जन तक पहुंचे? भाजपा का गाय प्रेम का ढोंग आम जनता तक पहुंचे, इसीलिए आज कांग्रेस पार्टी की गाय बचाओ-किसान बचाओ पदयात्रा को पुलिस ने लाठी के बल पर रोका और कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें