समागम के दौरान स्वच्छता एवं सुरक्षा का रखा जाये विशेष ध्यान- राजेन्द्र कुमार तिवारी

 

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी की अध्यक्षता में वृंदावन (मथुरा) में संत समागम की तैयारी के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक आहूत की गई। अपने सम्बोधन में मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि वृंदावन (मथुरा) संत समागम में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार असुविधा नहीं होनी चाहिये।

श्रद्धालुओं तथा आम जन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिये बेहतर ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाये। समागम के दौरान स्वच्छता एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाये। उन्होंने कहा कि समागम हेतु जिन स्वीकृत कार्यों की निविदा की कार्यवाही अवशेष है, उन्हें प्राथमिकता पर पूर्ण कर कार्य प्रारम्भ कराया जाये। मंडलायुक्त आगरा द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर समय से समस्त कार्यों को पूर्ण कराने हेतु नियमित अनुश्रवण किया जाये। उन्होंने कहा कि आयोजन में कोरोना प्रोटोकाल एवं इस सम्बन्ध में निर्गत एडवाइजरी एवं निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाये।

इससे पूर्व बैठक में बताया गया कि प्रत्येक हरिद्वार कुम्भ से पूर्व वृन्दावन में वैष्णव सन्तों की एक बैठक परम्परागत रूप से होती है, जिसे वृन्दावन कुम्भ बैठक कहा जाता है। यह आयोजन वृन्दावन परिक्रमा मार्ग तथा यमुना नदी के मध्य भू-भाग पर होता है। इस वर्ष यह आयोजन 16 फरवरी, 2021 से 28 मार्च, 2021 तक किया जाना प्रस्तावित है। इस अयोजन हेतु लगभग 56 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गयी है।

संत समागम हेतु की जा रही तैयारियों का प्रस्तुतीकरण करते हुये बताया गया कि समागम के दौरान नगर निगम द्वारा साफ-सफाई हेतु 750 सफाई कर्मचारियों को 03 पालियों में तैनात किये जाने हेतु तथा अस्थाई सार्वजनिक शौचालय, मूत्रालय व स्नानागार के निर्माण हेतु निविदा की कार्यवाही प्रचलित है। प्रकाश व्यवस्था हेतु 300 एलईडी लाईट लगाने के कार्यादेश निर्गत किया जा रहा है तथा जल निकासी एवं अतिरिक्त व्यवस्थायें इत्यादि का कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।

मेला क्षेत्र में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था हेतु क्षेत्र को 02 जोन एवं 07 सेक्टरों में बांटा गया है। पुलिस प्रबन्धन में थाना, चैकी, कंट्रोल रूम, ट्रैफिक व्यवस्था, अग्निशमन व्यवस्था व प्रशासनिक कार्यालयों हेतु मेला क्षेत्र में भूमि का चयन कर लिया गया है। आयोजन स्थल तक आने जाने की व्यवस्था हेतु परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसों का संचालन किया जायेगा।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें