एम्मार इण्डिया लि0 की इन्टीग्रेटेड टाउनशिप के सम्बन्ध में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

लखनऊ। मेसर्स एम्मार इण्डिया लि0 की जनपद लखनऊ स्थित प्रस्तावित इन्टीग्रेटेड टाउनशिप के सम्बन्ध में मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें प्रमुख सचिव आवास दीपक कुमार, उपाध्यक्ष लखनऊ विकास प्राधिकरण/जिलाधिकारी लखनऊ अभिषेक प्रकाश सहित सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारी एम्मार इण्डिया लि0 के प्रतिनिधिगण आदि द्वारा प्रतिभाग किया गया।
 
अपने सम्बोधन में मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने एम्मार इण्डिया के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि शासन नियमों के अन्तर्गत पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एम्मार इण्डिया के साथ जो एग्रीमेन्ट किया गया है, उसके अनुसार कार्यवाही की जाये। एम्मार इण्डिया के प्रतिनिधियों द्वारा भूमि में अतिक्रमण की शिकायत किये जाने पर मुख्य सचिव ने उपाध्यक्ष एलडीए/जिलाधिकारी को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिये। उन्होंने 45मी0 सड़क, बन्धे का निर्माण आदि के सम्बन्ध में नियमानुसार कार्यवाही करने को कहा। मुख्य सचिव ने प्रमुख सचिव आवास से भी प्रोजेक्ट की नियमित समीक्षा करने को कहा।
 
उपाध्यक्ष, लखनऊ विकास प्राधिकरण/जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि मेसर्स एम्मार इण्डिया लि0 को इन्टीग्रेटेड टाउनशिप नीति के अन्तर्गत लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम-सरसवां, अरदौनामऊ व अहमामऊ लखनऊ में कुल 226.37 एकड़ क्षेत्रफल पर आवासीय योजना विकसित किये जाने हेतु अनुमति दी गयी थी। मेसर्स एम्मार इण्डिया लि0 को इन्टीग्रेटेड टाउनशिप नीति के अन्तर्गत योजना की डी0पी0आर0 दिनांक 22.06.2011 को स्वीकृत की गयी। प्राधिकरण द्वारा उक्त टाउनशिप की योजना का तलपट मानचित्र दिनांक 27.12.2011 को स्वामित्वाधीन भूमि पर स्वीकृत किया गया है।
 
योजना पूर्ण किये जाने के अवधि दिनांक 22.12.2023 नियत है। वर्तमान तक विकासकर्ता द्वारा लगभग 195.00 एकड़ भूमि क्रय की जा चुकी है। कुल योजना क्षेत्रफल 226.37 एकड़ के प्रथम चरण में लगभग 150.00 एकड़ क्षेत्रफल पर विकास कार्य प्रगति पर है। शेष भूमि जुटाव एवं विकास कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि मे0 एम्मार इण्डिया लि0 की इन्टीगे्रटेड टाउनशिप के अन्तर्गत ग्राम-सरसवां की 7.3140 हे0 ग्राम-अरदौनामऊ की 2.357 हे0, व ग्राम-अहमामऊ की 1.0450 हे0 कुल 10.7160 हे0 भूमि अर्जन के माध्यम से संस्था को उपलब्ध करायी जानी है। अधिग्रहण की कार्यवाही में 06 माह का समय प्रस्तावित है।
 
मेसर्स एम्मार इण्डिया लि0 की इन्टीग्रेटेड टाउनशिप के विकास हेतु ग्राम-सरसवां, अरदौनामऊ, अहमामऊ परगना लखनऊ, तहसील सरोजनीनगर जिला लखनऊ में ग्राम समाज की कुल 0.307 हे0 भूमि के पुर्नग्रहण के सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि प्रकरण में अग्रेतर कार्यवाही हेतु राजस्व विभाग को सन्दर्भित किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। इसके अलावा मेसर्स एम्मार इण्डिया लि0 की इन्टीग्रेटेड टाउनशिप के विकास हेतु ग्राम-सरसवां, अरदौनामऊ, अहमामऊ परगना लखनऊ, तहसील सरोजनीनगर, जिला लखनऊ में सुरक्षित श्रेणी की कुल भूमि रकबा 2.363 हे0 के विनिमय के सम्बन्ध में बताया गया कि शासनादेश के अनुसार अग्रेतर कार्यवाही हेतु प्रस्ताव राजस्व विभाग को सन्दर्भित किये जाने की कार्यवाही की जा रही है।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें