देश में पिछले 12 दिनों से प्रतिदिन होने वाली मौतों की संख्या रही 300 से नीचे
पिछले सात दिनों में देश में प्रति 10 लाख की आबादी पर सिर्फ एक मौत दर्ज की गई है। यह उपलब्धि केन्द्र सरकार की प्रभावी कोविड प्रबंधन एवं प्रतिक्रिया नीति के चलते हासिल हुई है। एक अन्य उपलब्धि के तौर पर, देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। इस समय देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 2,27,546 है। कुल पॉजिटिव मामलों में सक्रिय मामलों की हिस्सेदारी में भी कमी आई है और यह 2.2 प्रतिशत से नीचे (2.19 प्रतिशत) आ गई है।
प्रतिदिन ठीक हो रहे मरीजों की संख्या प्रतिदिन सामने आ रहे नए मामलों की संख्या से अधिक हो रही है और इस तरह सक्रिय मामलों में गिरावट का रुख जारी है। पिछले 24 घंटों में ठीक हुए नए मरीजों की संख्या 21,314 हो गई है। इस तरह पिछले 24 घंटों में दर्ज कुल सक्रिय मामलों की संख्या में 3,490 की गिरावट आई है। हाल के दिनों में देश में प्रतिदिन सामने आ रहे मामलों की संख्या 20,000 से नीचे रही है। पिछले 24 घंटों में 18,088 नए मामले दर्ज किए गए हैं।