22 जनवरी को शेष स्वास्थ्य कर्मियों पर की जायेगी वैक्सीन लगाने की कार्यवाही- नवनीत सहगल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने लोक भवन में प्रेस प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए बताया कि कल 16 जनवरी, 2021 को कोविड वैक्सीन स्वास्थ्य कर्मियों को लगाने की कार्यवाही की गयी थी तथा 22 जनवरी को शेष स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाने की कार्यवाही की जायेगी।

वैक्सीनेशन के सम्बन्ध में किसी भी प्रकार का भ्रम न रखें। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन एवं क्रम के अनुसार कोविड वैक्सीनेशन का कार्य संचालित किया जा रहा है। इसमें किसी भी प्रकार का कोई भी बदलाव नहीं किया जायेगा। मा0 मुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रदेश सरकार ने कोविड संक्रमण को नियंत्रित करने की योजना कारगर सिद्ध हो रही है। जिसके क्रम में प्रदेश में कोविड-19 के एक्टिव केसों की संख्या 9000 से कम आ गयी है।  

उन्होंने बताया कि मार्च, 2020 में जहां कोविड-19 की टेस्टिंग 72 प्रतिदिन हो रही थी, उसे बढ़ाकर 1,80,000 प्रतिदिन किया गया। इसके साथ-साथ प्रदेश में सर्विलांस का नया प्रयोग कर प्रत्येक परिवार तक पहुंच कर उनका हालचाल लेते हुए कोविड संक्रमण के लक्षण की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 2.62 करोड़ से अधिक कोविड-19 के टेस्ट तथा 15.20 करोड़ से अधिक लोगों से सम्पर्क कर कोविड संक्रमण की जानकारी ली गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब संक्रमण कम हो रहा है, फिर भी कोविड-19 के टेस्ट 1,25,000 से कम नहीं किये जा रहे हैं।

सहगल ने बताया कि संक्रमण कम होने से औद्योगिक गतिविधियां तेजी से सामान्य हो रही हैं। युवाओं के लिए मिशन रोजगार चलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार में लगाने की एक मुहिम चला रही है। इसी क्रम में सरकारी नौकरियों में नियुक्तियों में तेजी लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी आयोगों, विभागों, निगमों, परिषदों को कहा गया है कि उनके यहां जितनी रिक्तियां हैं, उनको भरने के लिए प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। इस वित्तीय वर्ष में 20 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों को बैंकों द्वारा वित्त पोषित कर इन एमएसएमई इकाइयों के माध्यम से 80 लाख से अधिक लोगों को नौकरियों के अवसर दिये जाएंगे।

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्री अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कुल 317 स्थानों पर वैक्सीनेशन का कार्य किया जा रहा है जिसमें कल 22,643 डॉक्टर/स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की प्रथम डोज लगाई गई तथा शेष स्वास्थ्य कर्मियों को 22 जनवरी को वैक्सीन लगायी जायेगी। उन्होंने बताया कि वैक्सीन की दूसरी डोज 15 फरवरी, 2021 को लगाई जायेगी

प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,28,073 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 2,62,14,905 सैम्पल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 404 नये मामले आये हैं। प्रदेश में 8881 कोरोना के एक्टिव मामलों में से 3210 लोग होम आइसोलेशन में हैं। 3,49,456 लोग होम आइसोलेशन में गये थे जिनमें से 3,46,246 लोगों ने अपनी होम आइसोलेशन की अवधि पूर्ण कर ली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विगत 24 घण्टों में 666 तथा अब तक कुल 5,79,071 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। कोविड-19 से रिकवरी का प्रतिशत 97. 07 है।

प्रसाद ने बताया कि 15 दिसम्बर, 2020 से 15 जनवरी, 2021 तक आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत गोल्डन कार्ड बनाये जाने का अभियान चलाया गया था, जिसमें 10,36,684 नये गोल्डन कार्ड बनाये गये हैं। 3.77 लाख ऐसे परिवार को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा गया है, जिनके परिवार में किसी का भी गोल्डन कार्ड नहीं बना था। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि जब तक वैक्सीन की दोनों डोज लग नहीं जाती तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित नहीं हो जाती तब तक कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन अवश्य करें। सभी लोग मास्क पहनें, हाथ साबुन-पानी से धोते रहें तथा लोगों से दो गज की दूरी बनाये रखें। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पहले से बीमार बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं को संक्रमण से बचाये।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें