मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 2.5 करोड़ से अधिक कोविड-19 की जांच किए जाने पर किया संतोष व्यक्त

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में 2.5 करोड़ से अधिक कोविड-19 की जांच किए जाने पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने में टेस्टिंग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके दृष्टिगत टेस्टिंग कार्य को पूरी क्षमता से संचालित किया जाए। अकेले के0जी0एम0यू0 लखनऊ में 10 लाख आर0टी0पी0सी0आर0 टेस्ट किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री लोक भवन में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दृष्टिगत प्रत्येक स्तर पर पूरी सतर्कता बरती जाए। कोविड चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखते हुए चिकित्सालयों में औषधियों, मेडिकल उपकरण तथा आॅक्सीजन की बैकअप सहित पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सर्विलांस कार्य तथा काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग को प्रभावी ढंग से संचालित रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन के सम्बन्ध में सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। इस सम्बन्ध में जिलों में किए जा रहे कार्यों की नियमित माॅनिटरिंग करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि 11 जनवरी, 2021 को प्रदेश में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए पुनः आयोजित किए जा रहे ड्राई रन को पूरी प्रतिबद्धता से संचालित करते हुए सभी तैयारियों की गहन समीक्षा की जाए। उन्होंने लोगों को कोविड-19 से बचाव के सम्बन्ध में निरन्तर जागरूक किए जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ई-संजीवनी एप का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसके माध्यम से आॅनलाइन चिकित्सीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 10 जनवरी, 2021 से प्रदेश के ग्रामीण व शहरी इलाकों के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन पुनः प्रारम्भ किया जा रहा है। इसके अलावा, 17 जनवरी, 2021 को पल्स पोलियो अभियान का संचालन होना है। उन्होंने मुख्यमंत्री आरोग्य मेले तथा पल्स पोलियो अभियान की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें