महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा का स्वांग रचती है भाजपा- नीलम यादव


लखनऊ। आम आदमी पार्टी की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को जानकीपुरम में शोहदे से परेशान होकर खुदकुशी करने वाली छात्रा के परिवार से मिला। दिवंगत छात्रा के परिवार से मिलकर प्रतिनिधिमंडल ने मामले की विस्तार से जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया। भरोसा दिलाया कि दिवंगत छात्रा को इंसाफ दिलाने के लिए पार्टी हर कदम पर उनके साथ है।

नीलम यादव ने कहा कि अगर पुलिस ने अपना काम किया होता तो छात्रा आज जिंदा होती। आम आदमी पार्टी महिला विंग के प्रदेश अध्यक्ष ने 1090 पर छात्रा के शिकायत दर्ज कराने पर भी कोई कार्रवाई न किए जाने को लेकर सिस्टम पर सवाल उठाया। कहा, यह सरकार महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर प्रदेश में दिखावे के लिए मिशन शक्ति अभियान चला रही है। बेटियों की सुरक्षा के नाम पर जगह-जगह पोस्टर लगवाए जा रहे हैं। असलियत में बेटियों की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही। यह घटना इसका प्रमाण है। मामले में छात्रा ने भाजपा के एक नेता पर छेड़खानी का आरोप लगाया तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे परेशान होकर छात्रा ने जान दे दी, तब पुलिस जागी और आरोपी को गिरफ्तार किया, मगर उसे छुड़ाने के लिए कई भाजपा नेता दबाव बनाने लगे।

भाजपा केवल महिला सुरक्षा का स्वांग रचती है। असल में उसके कार्यकर्ता और नेताओं के मन में महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव नहीं है। यह निंदनीय घटना इसका जीता जागता उदाहरण है। आम आदमी पार्टी इस पूरी घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करती है। शिकायत नजरअंदाज करने वाले पुलिस अधिकारियों सहित मामले में शामिल नेताओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष दीप्ति वर्मा, जिलाध्यक्ष सुभाषिनी मिश्रा, सीवाईएसएस के जिलाध्यक्ष ऋषियांत कटियार, आम आदमी पार्टी के लखनऊ मध्य विधानसभा अध्यक्ष तरुण मिश्र और जिला कार्यकारिणी सदस्य ललित तिवारी शामिल रहे।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें