मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट माॅनीटरिंग ग्रुप की बैठक की गयी आयोजित

लखनऊ मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित प्रोजेक्ट माॅनिटरिंग ग्रुप की बैठक में मेट्रो परियोजना, काशी विश्वनाथ मन्दिर काॅरीडोर एवं नमामि गंगे योजना की प्रगति की समीक्षा की गयी। अपने संबोधन में मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों से सम्बन्धित विभाग परियोजनावार मासिक भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य निर्धारित कर पाक्षिक प्रगति की समीक्षा करें।
 
उन्होंने कहा कि परियोजना के अंतर्गत डिफरेन्ट एक्टिविटी का वर्क चार्ट बना लिया जाये और तद्नुसार एक्टिविटीवार समीक्षा की जाये ताकि निधारित समय-सारिणी के अनुसार प्रोजेक्ट्स की पूर्णता सुनिश्चित हो सके। नमामि गंगे योजना की समीक्षा में उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय टाॅस्क फोर्स की नियमित बैठकें हों तथा बैठक में जिला स्तर की परियोजनाओं की गहन समीक्षा की जाये। उन्होंने निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार नमामि गंगे की सभी परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिये।
 
कानपुर मेट्रो प्रोजेक्ट की समीक्षा में बताया गया कि कानपुर मेट्रो प्रोजेक्ट 30 नवम्बर, 2021 तक पूरा हो जायेगा तत्पश्चात् ट्रायल रन होगा। इसके पश्चात् आरडीएसओ ट्रायल रन करेगा और अपनी रिपोर्ट देगा। इसके पश्चात् काॅमर्शियल रन होगा जोकि माह जनवरी, 2022 में संभावित है। कानपुर मेट्रो में प्रायोरिटी सेक्शन की पायलिंग वर्क पूरा हो गया है, 05 मेट्रो स्टेशन का कानकोर्स स्लैब का काम भी पूरा हो गया है। आईआईटी स्टेशन कानपुर के प्लेटफाॅर्म स्लैब का कार्य भी पूरा हो गया है। एडमिन-कम-ओसीसी बिल्डिंग आॅफ कानपुर मेट्रो ट्रेन डिपो का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। आगरा मेट्रो की समीक्षा में बताया गया कि मेट्रो रेल डिपो तथा पायलिंग का कार्य तेजी से चल रहा है।
 
काशी विश्वनाथ मन्दिर के विस्तारीकरण एवं सौन्दर्यीकरण के कार्यों की प्रगति की समीक्षा में बताया गया कि माह दिसम्बर, 2020 तक 31.51 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है तथा माह जनवरी, 2021 तक 37 प्रतिशत प्रगति हासिल कर ली जायेगी और सम्पूर्ण परियोजना को पूर्ण करने की तिथि 10 अगस्त, 2021 निर्धारित है। नमामि गंगे योजना की समीक्षा में बताया गया कि निर्धारित टाइम लाइन के अनुसार परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। मुख्य सचिव ने कार्यों की प्रगति में तेजी लाने के लिये जिला स्तरीय समितियों की नियमित बैठकें आहूत किये जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय बैठकों में परियोजनाओं की गहन समीक्षा की जाये। इसके अतिरिक्त मथुरा एवं वाराणसी की विभिन्न परियोजनाओं की अद्यावधिक स्थिति व प्रगति से अवगत कराया गया।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें