तमाम युवा आईकान तथा प्रबुद्ध समाज के कई प्रमुख लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की


लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की उपस्थिति में आज उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता एवं उत्कृष्ट प्रतिभा रखने वाले तमाम युवा आईकान, सीतापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता आशीष मिश्र, बरेली के ब्लाक प्रमुख तथा प्रबुद्ध समाज के कई प्रमुख लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
 
  
समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं अखिलेश यादव की कार्यशैली से प्रभावित होकर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का कहना था कि सन् 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की बहुमत की सरकार बनाने तथा अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का उन्होंने संकल्प लिया है। अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त नौजवानों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनका समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया। उन्होंने आशा जताई कि युवा शक्ति के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी और सन् 2022 में समाजवादी सरकार का लक्ष्य पूरा होगा।
 
 
उन्होंने पार्टी में शामिल प्रबुद्धजनों का भी स्वागत किया। राष्ट्रीय आदर्श युवा सम्मान 2021 से सम्मानित और राष्ट्रीय युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष अनिल कुमार के साथ आज सामाजिक कार्य, खेलकूद, पर्वतारोहण आदि विविध क्षेत्रों में सक्रिय यूथ आईकान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। हेमंत कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया। महोली सीतापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता आशीष मिश्र के नेतृत्व में भाजपा मोर्चा के पदाधिकारी, अधिवक्ता, प्रधानाचार्य तथा जिला पंचायत सदस्य सहित लगभग भाजपा के 40 मण्डल अध्यक्ष, पूर्व मण्डल अध्यक्ष, सदस्यों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
 
  
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कला, खेल, लीडरशिप, संगीत और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए लगभग 100 युवाओं को राष्ट्रीय आदर्श युवा सम्मान 2021 से सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। 12 जनवरी से 19 जनवरी 2021 के दौरान राष्ट्रीय युवा सप्ताह में पूरे उत्तर प्रदेश से ये युवा चयनित हुए थे। युवा नेताओं का कहना था कि भाजपा सरकार ने उनके साथ छल किया है। यूथ आइकान तक की उपेक्षा की गई है। नौजवानों को रोटी-रोजगार से वंचित रखा गया है। उनका भरोसा अब अखिलेश यादव पर है। वे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में प्रदेश का युवा वर्ग अब समाजवादी सरकार बनाने में दिनरात जुटेगा।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें