मुख्यमंत्री ने पूर्व विधान सभा सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल मोतीलाल वोरा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। आज विधान सभा में शोक प्रस्ताव के दौरान विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न प्रणब मुखर्जी के निधन से राष्ट्र की अपूरणीय क्षति हुई है। भारतीय राजनीति में प्रणब मुखर्जी का दीर्घ अनुभव और योगदान रहा है। वे एक वरिष्ठ और सर्वमान्य राजनेता थे। उन्होंने केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में विभिन्न महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी निभायी।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के रूप में प्रणब मुखर्जी ने अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन करते हुए इस पद की गरिमा और सम्मान में वृद्धि की। वे सार्वजनिक जीवन में स्पष्टवादी, सौम्य एवं मुदृभाषी नेता थे। उन्हें जटिल राष्ट्रीय मुद्दों पर आम सहमति बनाने व समन्वय स्थापित करने में व्यापक कूटनीतिक अनुभव प्राप्त था। इसके साथ ही, अन्तर्राष्ट्रीय सम्बन्धों एवं वित्तीय मामलों की भी गहरी समझ थी। वे विश्व बैंक, अन्तर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष, एशियाई विकास बैंक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अन्तर्राष्ट्रीय संस्थाओं के संचालक मण्डल के सदस्य रहे।
 

 
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुखर्जी ने विभिन्न उच्च पदों पर रहते हुए अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। एक सांसद, मंत्री और अनुभवी नेता के रूप में उनका संसदीय मूल्यों एवं परम्पराओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रणब मुखर्जी का राजनीतिक जीवन एवं व्यक्तित्व सबके लिए प्रेरणादायी है। उनके निधन से भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए मुखर्जी के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल मोतीलाल वोरा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वोरा एक सरल और मृदुभाषी नेता थे। पत्रकारिता और समाजसेवा करते हुए उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और अपनी अलग पहचान बनायी। वे 02 बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वे लोक सभा तथा राज्य सभा के सदस्य भी रहे।
 
उन्होंने केन्द्रीय मंत्री पद के दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन भी किया। उनके निधन से देश ने एक कुशल राजनीतिज्ञ और समाजसेवी खोया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए वोरा के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने पूर्व विधान सभा सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन दिवंगत सदस्यों ने एक जनप्रतिनिधि के रूप में अपने-अपने क्षेत्रों का भली-भांति प्रतिनिधित्व किया। जनसमस्याओं के मुद्दों को सदन में उठाया और लोगों की समस्याओं का समाधान निकाला। दिवंगत पूर्व सदस्यों ने लोकतंात्रिक मूल्यों का भली-भांति निर्वहन किया। मुख्यमंत्री ने कोरोना काल के दौरान इस महामारी से जंग में दिवंगत कोरोना वॉरियर्स, स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति शोक व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि कोरोना वॉरियर्स, स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बगैर इस महामारी के खिलाफ देश की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने में अपना योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने दिवगंत कोरोना वॉरियर्स, स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की। उत्तराखण्ड में ग्लेशियर फटने की घटना में जनहानि पर भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घटना स्थल पर चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स में उत्तर प्रदेश के काफी लोग काम कर रहे थे। उन्होंने घटना में मृत लोगों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि घटना में लापता लोगों का पता लगाने के लिए एक मंत्री समूह बनाया गया है, जो लगातार उत्तराखण्ड सरकार और प्रशासन के सम्पर्क में है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश के पीड़ित परिवारों को राहत देने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें