प्रधानमंत्री कल अमृत महोत्सव का करेंगे उद्घाटन और साबरमती आश्रम से हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को करेंगे रवाना- संस्कृति मंत्री

संस्कृति और पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा है कि कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आजादी का अमृत महोत्सव का उद्घाटन करेंगे और अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

आज यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए सरकार ने कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित करने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम 12 मार्च, 2021 से प्रारंभ होंगे और 15 अगस्त, 2022 तक चलेंगे। उन्होंने बताया कि 12 मार्च, 2021 को राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारें भी कार्यक्रम आयोजित करेंगी।

संस्कृति और पर्यटन मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने 81 व्यक्तियों के साथ 12 मार्च से 6 अप्रैल, 1930 तक प्रसिद्ध दांडी पदयात्रा की थी। प्रधानमंत्री पदयात्रा को अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से नवसारी में दांडी के लिए झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 241 मील की यह पदयात्रा 25 दिन में 5 अप्रैल, 2021 को समाप्त होगी। पदयात्रा में 81 पदयात्री होंगे और दांडी तक इसके मार्ग में विभिन्न समूह के लोग शामिल होंगे। पटेल ने घोषणा की कि वह पदयात्रा के 75 किलोमीटर के पहले चरण का नेतृत्व करेंगे।

उन्होंने बताया कि सरकार ने अमृत महोत्सव के रूप में भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाने का निर्णय लिया है। 15 अगस्त, 2022 तक आने वाले 75 सप्ताहों के दौरान साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह एक कार्यक्रम होगा। महोत्सव में सभी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लोगों की रुचि के मुताबिक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और संस्कृति मंत्रालय सहायता करेगा।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें