सपा, बसपा व कांग्रेस लूटने के लिए राजनीति करती हैं- स्वतंत्र देव सिंह

सुलतानपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सुलतानपुर जिले की कुड़वार ग्राम सभा के रामलीला मैदान में पंचायत चुनाव में विजय का शंखनाद करते हुए ग्राम चैपाल में जनसंवाद किया। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने  विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि सपा, बसपा व कांग्रेस लूटने के लिए राजनीति करती हैं और सत्ता से अपने परिवार को खुशहाल बनाती हैं।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति के केन्द्र में गरीबों की सेवा है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि मोदी व योगी के नेतृत्व की सरकारों की प्राथमिकता गांव, गरीब, किसान को आर्थिक व सामाजिक रूप से समृद्ध बनाना है। सिंह ने कहा कि मोदी व योगी विकास पुरुष हैं और इन्होंने भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में देश को ऐसा प्रधानमंत्री मिला है जिसने एक झटके में धारा 370 को समाप्त कर दिया। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार में कांवर यात्रा में डी.जे. पर रोक लगाई जाती थी, लेकिन आज हमारी सरकार में कावंरियों के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्प बरसाए जा रहे है। हमारी भाजपा सरकार ने ही अयोध्या में देव दीपावली मनाई है।
 

सिंह ने कहा कि विश्व महामारी कोरोना का हमारी सरकार ने डट कर मुकाबला किया। आपदा को अवसर में बदलकर हमारे देश के वैज्ञानिकों ने सबसे पहले वैक्सीन बना कर इतिहास रच दिया। ग्राम चैपाल को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि परिवारवाद व वंशवाद से दूर भारतीय जनता पार्टी ने योग्य व कर्मठ लोगों को संगठन व सरकार में उच्च पदों पर पहुंचाया है। हमारी पार्टी में कोई भी कार्यकर्ता संगठन व सत्ता के शीर्ष पर अपनी योग्यता से पहुंच सकता है। जबकि सपा-बसपा व कांग्रेस में परिवारवाद के चलते कार्यकर्ता संगठन व सरकार में शीर्ष पदों तक पहुंचने का सपना भी नहीं देख सकते। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 40 लाख प्रधानमंत्री आवास बन चुके हैं। शौचालय, किसान सम्मान निधि, उज्जवला गैस, आयुष्मान कार्ड से गरीब को निःशुल्क इलाज मिल रहा है। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज सुल्तानपुर में पार्टी के बूथ कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ग्राम चैपाल में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि आदर्श गांव की अवधारणा को साकार रूप देने के लिए कोई भी अपनी पत्नी पर हाथ ना उठाएं। बच्चों से गुटका न मंगाए, गरीबों पर जुल्म न करें। सभी माता-पिता की सेवा करें। उन्होंने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार घर में गाय पालन करें तथा स्वच्छता व पौधारोपण को बढ़ावा दें। इसके साथ ही बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा दे।


सिंह ने कहा कि मोदी सरकार व योगी सरकार की प्रत्येक योजना में बिना किसी भेदभाव व भ्रष्टाचार के हर वर्ग को लाभान्वित करने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि मकानों व विश्वविद्यालयों पर कब्जा कर रहे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई हुई है। प्रदेश में गुंडे व अराजकतत्व जहां पिछली सरकार में एके-47 लेकर सड़कों पर घूमते थे उन अपराधियों ने या तो प्रदेश छोड़ दिया है या तो जेल के अन्दर है। उन्होंने कहा योगी सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति अपनाकर गुंडों व माफियाओं की अवैध संपत्ति पर बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर रही है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बहमरपुर गांव में बूथ अध्यक्ष मनीष मौर्या के आवास पर बूथ समिति की बैठक ली और कार्यकर्त्ताओं के साथ जलपान किया तथा बांसी गांव में बौद्ध बिहार बस्ती में भाजपा कार्यकर्ता एवं बूथ समिति सदस्य सुनील कोरी के घर पर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने डाॅ भीमराव अम्बेडकर व भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के प्रथम जिला आगमन पर ऊंचगाव पहुँचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा की अगुवाई में क्षेत्रीय पदाधिकारी, विधायकों, जिला पदाधिकारियों समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें