अखिलेश यादव ने क्रांतिकारी शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर की प्रतिमा का किया अनावरण

मेरठ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज मेरठ के मवाना में क्रांतिकारी शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर की प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि उन्होंने 1857 की क्रांति की शुरूआत की। यदि वे अपने मकसद में कामयाब हो जाते तो भगत सिंह को फांसी का फंदा नहीं चूमना पड़ता।

इन शहीदों की कुर्बानी से देश आजाद हुआ। डाॅ0 राम मनोहर लोहिया ने अंग्रेजो भारत छोड़ों 1942 के आंदोलन का नेतृत्व किया जिसके लिए उन्हें काफी मानसिक-शारीरिक यंत्रणाएं दी गईं। उन्होंने राजनीति को नई दिशा दी। समाजवादी पार्टी उनके बताए रास्ते पर चलने को संकल्पित है। उन्होंने समाजवाद का व्यवहारिक दर्शन दिया। मवाना के नवजीवन डिग्री कालेज में अतुल प्रधान द्वारा महासभा का आयोजन किया गया। अखिलेश यादव ने एकत्र विशाल जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस देश में व्यापार के लिए ईस्ट इण्डिया कम्पनी आई थी जो ब्रिटेन में पारित एक कानून से सरकार बन गई।

 


उसने देश को आर्थिक सामाजिक राजनीतिक रूप से बहुत नुकसान पहुंचाया। आज भाजपा देश में कम्पनी शासन थोपने का वैसा ही प्रयास कर रही है। सरकार कम्पनी की तरह काम कर रही है। देश की आजादी के बाद राजनीति और व्यापार का ऐसा तालमेल कभी नहीं देखा गया। उद्योगपतियों को मुनाफा हो रहा है, किसान को नुकसान हो रहा है। यादव ने कहा कि जनता मंहगाई, बेरोजगारी से परेशान है। भाजपा ने अपने आंख-कान बंद कर रखे हैं। उसे जनता की तकलीफ नहीं दिखाई-सुनाई दे रही है। जनता समाजवादियों का इंतजार कर रही है। भाजपा की केन्द्र-राज्य सरकारें समाजवादी सरकार जैसे विकास कार्य नहीं कर पाई है। 

भाजपा देश को नफरत की राजनीति की ओर ले जा रही है जबकि समाजवादियों ने हमेशा समाज की एकता और देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों ने पूरे देश को जगाने का काम किया है। आज देश का किसान जाग गया है। किसानों को फसलों की एमएसपी नहीं मिली। गन्ना किसानों को बकाया नहीं मिला। गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाया गया। भाजपा झूठे वादे करती रही है। किसानों के आंदोलन को भाजपा बदनाम कर रही है। उसने पेट्रोल-डीजल मंहगा कर दिया है परन्तु किसान की फसल सस्ती है।


देश की अर्थव्यवस्था लगातार नीचे जा रही है। बैंक डूब रही हैं। अगर खेती बर्बाद हो गई, नौजवानों को नौकरी नहीं मिली तो देश कैसे आगे बढ़ेगा? विश्व गुरू कैसे बनेगा? अखिलेश यादव ने कहा बंगाल का चुनाव देखिए। भाजपा हर हथकंडे अपना रही है। हमें सावधान रहना है। अगर जनता ने भाजपा को बंगाल में हरा दिया और उत्तर प्रदेश से हटा दिया तो वह तीनों कृशि कानूनों को लागू नहीं कर पाएगी। इन कानूनों के लागू होने से किसान खेती पर अपनी मालकियत खो देगा और उसके खेत पर उद्योगपतियों का कब्जा हो जाएगा।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें