मुख्यमंत्री नहीं संभाल पा रहे अपने शहर का अस्पताल, पूरे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं हैं बदहाल- संजय सिंह


लखनऊ। यूपी की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अभी तक मरीजों के बेड और डॉक्टर की कुर्सी पर बैठने वाले कुत्ते अब अस्पतालों में दम तोड़ने वाले लोगों का शव नोचकर कर खाने लगे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपने शहर के अस्पताल नहीं संभल रहे, पूरे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं।

संजय सिंह ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने में पूरी तरह से फेल साबित हो चुके है। संवेदनहीन शासन के बदहाल अस्पतालों में मानवता को शर्मसार करती तस्वीरें सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री के शहर गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पखवारे भर के भीतर दो शवों को कुत्तों ने नोच खाया। यह खबर किसी भी संवेदनशील व्यक्ति का दिमाग हिला सकती है। 50 गार्ड की फौज होने के बाद भी एक के बाद एक इस तरह की घटना होना पूरी व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है। यह वही मेडिकल कॉलेज है जहां ऑक्सीजन की सप्लाई ठप होने से दर्जनों मासूमों को असमय काल के गाल में समा जाना पड़ा था।

योगी देश के विभिन्न राज्यों में चुनावी रैलियों के दौरान जिस यूपी मॉडल का बखान कर रहे हैं उसकी असलियत उनके अस्पताल सबके सामने उजागर कर रहे हैं। जनता त्रस्त है। यूपी के लोग इलाज के लिए यहां भी दिल्ली जैसे अस्पताल चाहते हैं। अब भी वक्त है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अरविंद केजरीवाल के दिल्ली मॉडल से सीख लेते हुए यहां के अस्पतालों की दशा सुधारने का काम करना चाहिए। वैसे जनता ने इस संवेदनहीन सरकार को उखाड़ फेंकने का पूरा मन बना लिया है।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें