श्रद्धालुगण की कांवड़ यात्राओं के सम्बन्ध में सभी तैयारियां समय से की जाए पूरी- मुख्यमंत्री

लखनऊ। श्रावण महीने में भगवान शिव के भक्तों की पवित्र कांवड़ यात्रा-2021 शुरू होने वाली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्नाथ ने शुक्रवार को इस यात्रा से जुड़ी सरकारी तैयारियों और सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि श्रावण मास 25 जुलाई, 2021 से प्रारम्भ हो रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए प्रदेश के विभिन्न जनपदों व मार्गों पर श्रद्धालुगण की कांवड़ यात्राओं के सम्बन्ध में सभी तैयारियां समय से पूरी हों। इन यात्राओं में कोविड प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो।

कांवड़ यात्राओं के सुरक्षित, सकुशल एवं सफल संचालन के सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की कोताही न हो। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के प्रारम्भ होने के पूर्व बकरीद का भी त्यौहार पड़ रहा है। इसको ध्यान मे रखते हुए सतर्कता और सावधानी बरती जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए प्रत्येक स्तर पर कांवड़ संघों से संवाद स्थापित किया जाए। अनावश्यक भीड़ न एकत्र हो। कोविड के सम्बन्ध में सतर्कता व सावधानी के सभी उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कोविड की दूसरी लहर पर नियंत्रण हुआ है। मगर सावधानी हर स्तर पर बरतना आवश्यक है। उन्होंने जन-भावनाओं और आस्था का सम्मान करते हुए कोविड प्रोटोकॉल के नियमों का पालन किए जाने की बात कही।

साथ ही कोरोन कंट्रोल के लिए कोविड हेल्प डेस्क, कोविड केयर सेण्टर, एम्बुलेंस सेवा, हॉस्पिटल में आरक्षित बेड आदि उपलब्ध रखने को कहा है। इन्फ्रारेड थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर, सैनिटाइजर की भी व्यवस्थाएं कांवड़ यात्रियों व यात्राओं में उपलब्ध रखी जाएं। सीएम योगी ने कहा कि सभी शिव मंदिरों, शिवालयों, देव मंदिरों, यात्रा मार्गों सहित ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। यात्रा मार्गों पर स्ट्रीट लाइट सुनिश्चित की जाए। इन मार्गों पर बिजली के तार झूलते हुए न मिलें। यातायात व्यवस्था को बेहतर तरीके से मैनेज किया जाए। संवेदनशील स्थलों के सम्बन्ध में पूर्व तैयारी सुनिश्चित करते हुए चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रखी जाए। शिवालयों, कावंड़ यात्रियों के लंगर स्थलों, विश्रामालयों आदि स्थलों पर भी विशेष सतर्कता रखी जाए। उन्होंने सड़क व नदी आदि में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी कहा।

शिवालयों और शिव मंदिरों में लाइटिंग करने का आदेश जारी दिया। जिससे कांवड़ यात्री मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक कर सकें। उन्होंने कहा कि इस दौरान विद्युत आपूर्ति और पेयजल जैसी जन-सुविधाओं मिलें। उन्होंने धार्मिक तथा स्वयंसेवी संस्थाओं व संगठनों से समन्वय व संवाद स्थापित करते हुए कार्यवाही किए जाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सौहार्द व शांतिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम सम्पन्न किए जाएं। सीएम ने इस अवसर पर सभी मण्डलायुक्तों और पुलिस जोन के वरिष्ठ अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मण्डलायुक्तों तथा पुलिस जोन के अधिकारियों को जनपद तथा रेंज स्तर पर तैयारियों व सतर्कता के सम्बन्ध में बैठकें किए जाने का आदेश दिया।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें