स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर अजय कुमार लल्लू ने किया ध्वजारोहण

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन प्रांगण में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने ध्वजारोहण करने के उपरान्त अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को बधाई संदेश देते हुए कहा कि महात्मा गांधी, पं0 जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल सहित महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान के बलबूते पर काफी संघर्ष और कीमत चुकाने के बाद हमें यह आजादी प्राप्त हुई है।

इन महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपने त्याग एवं बलिदान से देश आजाद ही नहीं कराया बल्कि पूरी दुनिया में एक मजबूत लोकतांत्रिक देश के रूप में भारतीय तिरंगे का परचम भी लहराया है। आजादी की रक्षा के लिए, भारत और भारतीयों की आन-बान और शान के लिए भारत की इस पवित्र भूमि में कांग्रेस की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एवं भारत रत्न राजीव गांधी का खून भी शामिल है। देश को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाये रखने के लिए और देश की एकता और अखण्डता की रक्षा के लिए इन विभूतियों की शहादत को देश कभी भूल नहीं सकता। लल्लू ने कहा कि वर्तमान सरकार नागरिकों को प्रदत्त संवैधानिक अधिकारों को छिनने का षड़यंत्र करके लोगों की आवाज दबा रही है। भारतीय संविधान और मजबूत लोकतांत्रिक देश की स्थापना और आजादी के लिए कांग्रेस के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने जेल में यातनाएं सही, लड़ते-लड़ते शहीद हुए।

महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद, डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर सहित तमाम महापुरूषों ने अपनी वैचारिक क्रांति के दम पर स्वतंत्रता संग्राम की अलख जगायी और इस देश से अंग्रेजों को भगाकर सुदृढ़ और संगठित भारत बनाया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन लोगों का जिनका आजादी की लड़ाई में कोई इतिहास नहीं, दूर-दूर तक कोई नाता नहीं रहा, वह ताकतें आज देश के लोकतंत्र को खंडित करने की लगातार साजिश रच रही हैं। देश के भाईचारे को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही भारतीय संविधान पर लगातार हमला कर संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ हो रहा है। देश की लोकतांत्रिक मजबूती को खत्म करने का प्रयास चल रहा है। आज भारतीय युवाओं, किसानों, महिलाओं के स्वाभिमान, सम्मान की रक्षा करने में सरकार पूरी तरह फेल साबित हो चुकी है। भाजपा सरकार में आज देश का किसान, व्यापारी अपनी मेहनत की उचित कीमत नहीं पा रहा है। बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, कालाबाजारी के साथ ही आज भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति वैश्विक स्तर पर लगातार कमजोर और शर्मनाक होती जा रही है।

देश में शिक्षित-अशिक्षित युवा बेरोजगारी में बेतहाशा बृद्धि हुई है और देश में महिला उत्पीड़न की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लल्लू ने राहुल गांधी के ट्वीटर एकाउन्ट बन्द किये जाने तथा सदन में सांसदों के साथ किये गये बुरे बर्ताव पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह भारतीयों के अधिकारों और उनकी आवाज को दबाने का सरकारी षड़यंत्र है। अब यह समय आ गया है कि कंाग्रेस के जांबाज सिपाहियो ‘‘करो या मरो पर डरो मत’’। उन्होंने कांग्रेसजनों से अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम की 75वी वर्षगांठ पर आप सभी संकल्प लीजिए, चाहे जान रहे या जाये देश की आत्मा को बचाने के लिए, तिरंगे को बचाने के लिए, गांव गरीब को बचाने के लिए, किसानों, नौजवानों, महिलाओं के सम्मान-स्वाभिमान की रक्षा के लिए चाहे जो भी कुर्बानी देनी पड़े कंाग्रेसजन पीछे नहीं हटेंगे। जिस तरह अंग्रेजों से इस देश को मुक्त कराया गया, उसी तरह हम भाजपा के इस अन्यायपूर्ण कुशासन से देश व प्रदेश की महान जनता को आजादी दिलाने के लिए सड़कों पर उतर कर संघर्ष करेंगे।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें