‘भाजपा हटाओं, प्रदेश बचाओ‘- अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जनता में भाजपा के प्रति बहुत गुस्सा है। वह एक दिन भी भाजपा को सत्ता में नहीं देखना चाहती है। चारों ओर भाजपा हटाओ का शोर है। समाज का हर वर्ग परेशान है। भाजपा का सफाया तय है। इसलिए इस बार 400 पार की विधानसभा में संख्या का नारा सामयिक है।

अखिलेश यादव आज पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में डाॅ0 संजय सिंह चौहान के नेतृत्व में बलिया से 16 अगस्त से प्रारम्भ जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) की ‘भाजपा हटाओं, प्रदेश बचाओ‘ जनवादी जनक्रांति यात्रा के समापन के अवसर पर बड़ी संख्या में एकत्र जनसमुदाय को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव ने भी आकर सभी को धन्यवाद दिया और भाजपा को सत्ता से हटाने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आव्हान किया। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की किसान-नौजवान-पटेल यात्रा, महान दल की केशव मौर्य के नेतृत्व में निकली ‘जनाक्रोश यात्रा, प्रदीप यादव के नेतृत्व में अधिवक्ता सभा की ‘संविधान बचाओ, संकल्प यात्रा‘ इन्द्रजीत सरोज 01 सितम्बर से 10 सितम्बर तक जन सम्पर्क कार्यक्रम कर रहे हैं।

इन यात्राओं से उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संदेश गया है। जिन-जिन जनपदों से ये यात्राएं निकली है, वहां भाजपा का सफाया तय है। सन् 2022 में भाजपा को ये यात्राएं हटाकर ही दम लेंगी। यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों को धोखा दिया है। उनकी आय दुगनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ, मंहगाई जरूर दुगनी हो गई है। घरेलू ईंधन गैस के दाम बढ़ते जा रहे हैं, महिलाओं का घर चलाना मुश्किल हो गया है। डीजल-पेट्रोल महंगा हो गया है। भाजपा के एक मंत्री का कहना है कि वे मिलावट नहीं कर पाए इसलिए सरसों का तेल महंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने खाद की बोरी में खाद में 5 किलो की कमी कर दी। पर दाम वही रखे। भाजपा गैस सिलेंडर में भी गैस कम कर सकती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि कहा गया था कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार मिट जाएगा, भ्रष्टाचार कहां खत्म हुआ। भ्रष्टाचार पर कहीं रोक नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो नहीं दिया जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) नेताओं, कार्यकर्ताओं को समाजवादी पार्टी पूरा सम्मान देगी। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ0 संजय सिंह चौहान ने कहा कि उनकी जनवादी जनक्रांति यात्रा पूर्वांचल के डेढ़ दर्जन जिलों में गई है। चौहान समाज अब पूरी तरह सपा के साथ है। वह किसी भी तरह भाजपा से गुमराह नहीं होगा। हम सब विधानसभा चुनावों में सपा को जिताएंगे और 2022 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएंगे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने कहा कि ये यात्राएं तब तक चलती रहनी चाहिए जब तक भाजपा की विदाई न हो जाए।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें