एक झूठ ऊपर से बोला जाता है और वही नीचे तक चलता है- अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा प्रोपगंडा की मास्टर है। एक झूठ ऊपर से बोला जाता है और वही नीचे तक चलता है। उसकी भेदभाव और नफरत की राजनीति से सभी लोग नाराज हैं। हर स्तर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। भाजपा सरकार में किसानों के धान की लूट हो रही है। बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है, सरकारी सम्पतियां बेची जा रही है। महंगाई बढ़ी है।
 
भाजपा के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है। समाजवादी साइकिल ही अब उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाएगी। अखिलेश यादव आज पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में पैदा हुए कानपुर देहात के खजांची का पांचवां जन्मदिन मनाए जाने के बाद मीडिया से वार्ता कर रहे थे। यादव ने कहा कि कायदे से तो भाजपा को खजांची का जन्मदिन मनाना चाहिए। उन्होंने कहा भाजपा सरकार के गलत फैसलों से अर्थव्यवस्था की हालत खराब हो गई है। लोगों को अपने पैसों के लिए लाठियां खानी पड़ी। अपमानित होना पड़ा। लोगों की जानें चली गई। देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी फैली। यादव ने कहा कि नोटबंदी करते समय भाजपा सरकार ने भरोसा दिलाया था कि काला धन आएगा, भ्रष्टाचार खत्म होगा। बीजेपी सरकार बताए कि काला धन लेकर कौन चला गया?
 
भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि नोटबंदी के क्या फायदे हुए? सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी संस्थाओं को नष्ट कर दिया है। भाजपा ने यूपी को बर्बाद कर दिया। साढ़े चार साल में प्रदेश को पीछे धकेल दिया। आज किसान व्यापारी, नौजवान, छात्र आत्महत्या करने पर विवष है। भाजपा सरकार ने नोटबंदी बड़े लोगों और उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने, जनता को परेशान करने और अपनी तानाशाही जताने के लिए किया है। यादव ने कहा कि इस सरकार के रहते किसानों को न्याय नहीं मिलेगा। आज सुप्रीम कोर्ट ने भी लखीमपुर मामले में एसआईटी की जांच पर सवाल उठाए हैं। भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार और लखीमपुर की सरकार ने कानून व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है।
 
बीजेपी सरकार अपने लोगों को बचाने और विरोधियों को फंसाने के लिए एसआईटी बनाती है। किसे फंसाना है और किसे बचाना है, जांच की क्या दशा होगी यह एसआईटी नहीं भाजपा तय करती है। अखिलेश यादव ने कहा कि आज हर वर्ग भाजपा से परेशान है। उत्तर प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था पर इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाए थे। उत्तर प्रदेश सरकार पर आज किसी को भरोसा नहीं है। मुख्यमंत्री को अपना काम बताना चाहिए। यह सरकार अभी तक समाजवादी सरकार के कार्यों का ही उद्घाटन कर रही है। कुशीनगर का एयरपोर्ट समाजवादी सरकार में दिए गए बजट से बना है। समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे समाजवादी सरकार ने शुरू कराया था। मेट्रो भी सपा सरकार में ही चली। 2022 में बदलाव होना तय है। समाजवादी पार्टी पर जनता का भरोसा है। अगली सरकार समाजवादी पार्टी की ही बनना तय है।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें