बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्री गुरूनानक देव जी महाराज का प्रकाशोत्सव


लखनऊ। दिनांक 19 नवम्बर 2021 को जगतगुरु साहिब श्री गुरू नानक देव जी महाराज का प्रकाश उत्सव (जन्मोत्सव) श्री गुरू सिंह सभा की ओर से डी0ए0वी0 कालेज ऐशबाग रोड, लखनऊ में बड़ी श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

श्री अखण्ड पाठ साहिब जी की समाप्ति के पश्चात् पाँच प्यारों की अगुवाई में समूह साध संगत द्वारा श्री गुरूग्रन्थ साहिब जी की शाही सवारी को शबद कीर्तन गायन करते हुए गुरूद्वारा साहिब से नाका हिण्डोला होते हुए डी0ए0वी0 कालेज ऐशबाग रोड में सजे पंडाल में ले जाया गया। भव्य पंडाल बहुत खूबसूरती से सजाया गया था, जिसमें फूलों से सुसज्जित भव्य स्टेज पर श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी का प्रकाश किया गया। रागी जत्था भाई राजिन्दर सिंह जी द्वारा पवित्र आसा-दी-वार का अमृतमयी कीर्तन से कार्यक्रम आरम्भ हुआ।


बहुत सुबह से ही लखनऊ एवं आस-पास के इलाकों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु डी0ए0वी0 कालेज में पहुॅचने लगे तथा पक्तियों में खडे़ होकर श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी के दर्शन के पश्चात अपना स्थान ग्रहण कर गुरूबाणी का रसपान किया। आकाशवाणी लखनऊ केन्द्र द्वारा आधे घन्टे का सीधा प्रसारण करके प्रदेश भर की संगतों को कार्यक्रम का रसास्वादन कराया गया। श्री गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बग्गा ने इस अवसर पर उपस्थित संगतों को प्रकाश पर्व की बधाई दी तथा बधाई संदेश आकाशवाणी लखनऊ द्वारा भी प्रसारित किया गया। विशेष रूप से पधारे भाई जसबीर सिंह जी खालसा श्री दरबार साहिब श्री अमृतसर वालों ने अपनी मधुरवाणी में "कलि तारण गुरु नानक आइया।।"


बद कीर्तन गायन कर समूह साध संगत को निहाल किया। तत्पश्चात भाई जसपाल वीर सिंह जी जालन्धर वालों ने साहिब श्री गुरू नानक देव जी के जीवन पर दिल को छू देने वाले विचार व्यक्त किये। रागी जत्था भाई संतोख सिंह जी जालन्धर वालों ने गुर का शबद रतन हीरे जित जड़ाओ।। शबद कीर्तन गायन कर संगतों को मन्त्रमुग्ध कर दिया। ज्ञानी सुखदेव सिंह जी ने गुरमत विचारों द्वारा कथा व्याख्यान किया। दिल्ली से पधारे भाई सुरजीत सिंह जी ने "सति गुर नानक प्रगटिआ मिटी धुंध जगि चानणु होआ।।" शबद कीर्तन गायन कर समूह साध संगत मंत्र मुग्ध कर दिया, के0 के0 एन0 एस0 गुरमत संगीत एकेडमी एवं सिमरन साधना परिवार के बच्चों एवं माता गुजरी सत्संग सभा,लखनऊ की सदस्याओं ने भी इस कार्यक्रम में शबद कीर्तन गायन किया। 


डी0ए0वी0 कालेज में दिन भर गुरबाणी कीर्तन तथा गुरमत विचारों का कार्यक्रम चला जिसका संचालन स0 सतपाल सिंह मीत, ने किया। समागम में लंगर के वितरण की सेवा सिख यंग मेन्स एसोसियेशन एवं दशमेश सेवा सोसाइटी द्वारा की गयी। कई स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संगत की सेवा आइसक्रीम, चाय काफी, ब्रेड, छोले, जलेबी, कड़ी चावल, गन्ने के रस की खीर आदि अनेक तरह के व्यंजनों के स्टाल लगाकर की गई। लंगर पकवाने एवं वितरण की व्यवस्था स0 हरमिन्दर सिंह टीटू एवं स0 हरविन्दरपाल सिंह नीटा, तजिन्दर सिंह, कुलदीप सिंह सलूजा की देखरेख में हुई। दिन के 11.30 बजे से गुरू का लंगर संगत में वितरित किया गया,जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने लंगर ग्रहण किया।


संगत की सेवा के लिए डी0ए0वी0 कालेज मैदान में निशुल्क मेडिकल चेकअप कैम्प अजन्ता हास्पिटल के सहयोग से कृपाल सिंह ऐबट की देखरेख में लगाया गया जिसमें डा0 सुनील नाइक (स्किन), डा0 श्रृषि द्विवेदी (आर्थो), डा0 धर्मवीर सिंह (यूरोलोजिस्ट), डा0 पियूष ठाकुर (गैस्ट्रो),डा0 शाक्षी जैन (नेफरो), डा0 कानु प्रिया (गाइनो) डा0 राहुल (फिजियो) डाक्टरों ने चेकअप करके परामर्श दिया। कोविड-19 वैक्सीन का मेगा वैक्सीनेशन कैम्प भी यहाँ लगाया गया जिसमें सैकड़ों लोगों ने आधार दिखाकर वैक्सीन लगवाई।


अरदास के उपरान्त उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम की समाप्ति पर श्री गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष स0 राजेन्द्र सिंह बग्गा ने सभी सिख संगठनों/जत्थेबन्दियों सिख सेवक जत्था पंजाबी यूथ एसोसियेशन एवं प्रशासन को गुरू जी की कृपा ‘‘ सिरोपा तथा शील्ड ’’ भेंट कर सम्मानित किया। गुरु महाराज का आर्शीवाद प्राप्त करने के लिये योगी आदित्यनाथ मुख्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार, डा0 दिनेश शर्मा उपमुख्य मंत्री उ0प्र0 सरकार, मा0 ब्रजेश पाठक न्याय मंत्री उ0प्र0 सरकार, संयुक्ता भाटिया महापौर तथा कई राजनीतिक दलों के नेता एवं सरकार के प्रतिनिधि तथा कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित हुए, उन्हें भी अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बग्गा ने सिरोपा देकर सम्मानित किया।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें