डिप्टी सीएम ने रु0 2777.95 लाख की लागत से 15 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण


श्रावस्ती। जिले में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ0 दिनेश शर्मा के जनपद में पहुंचने पर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर जनप्रतिनिधिगणों ने अगुवानी कर स्वागत किया। तत्पश्चात् उपमुख्यमंत्री ने गार्ड की सलामी ली और पुलिस लाईन स्थित सभागार पहुंचकर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इस दौरान उन्होने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की बेहतर ढंग से मॉनिटरिंग की जाए, और यह भी ध्यान रखा जाए कि कोई भी पात्र गरीब सरकार की योजनाओं से अछूता न रहने पावे। और बिना भेदभाव के हर पात्र को सरकार की योजनाओं से जोड़ा जाए। स्वास्थ्य, शिक्षा और किसानों के लिए संचालित योजनाओं पर विशेष बल दिया जाए।
 
तदोपरान्त प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने जूनियर हाईस्कूल भिनगा पहुंचकर द्वीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होने जनपद के विकास के लिए रु0 2777.95 लाख की लागत से कुल 15 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उपमुख्यमंत्री  ने जिले में दोनो विधान सभाओं की 492.30 लाख की लागत से 5 परियोजनाओं का लोकार्पण किया, तथा 2285.65 लाख की लागत से 10 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस प्रकार उपमुख्यमंत्री  ने 2777.95 लाख की लागत की कुल 15 परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान भारत योजना, छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत स्वीकृति प्रमाण पत्र का वितरण, ग्राम विकास विभाग के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत लाभार्थियों को डेमो चाभी वितरण एवं कृषि विभाग द्वारा इन सीटू फसल अवशेष योजना के तहत प्रमाण पत्र, ट्रैक्टर एवं सहवर्ती उपकरण का वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कराकर लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को सूचना विभाग द्वारा ’’विकास की लहर’ हर गांव हर शहर’’ ’’काम दमदार-योगी सरकार’’ नामक फोल्डर का वितरण किया गया।
 
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी स्टॉल तथा सूचना विभाग द्वारा एल0ई0डी0 वैन के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुएउपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीब असहाय एवं निर्बल व्यक्तियों के उत्थान हेतु प्रतिबद्ध है। उनके सर्वागीण विकास के लिए सरकार द्वारा तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होने कहा कि यह विकास परियोजनाएं जनपदवासियों के जीवन में सुधार व समृद्धि लाएंगी। विकास ही प्रगति और समृद्धि का माध्यम बनेगा, जिससे जनपद के लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, उनका निर्माण गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से किया जाए। उपमुख्यमंत्री ने कहा की जनपद श्रावस्ती महात्मा गौतम बुद्ध की धरती है। आम नागरिक सुविधाओं के लिए जनपद में विशेष विकास परियोजनाओं के कार्य कराए गए हैं, जिसमें बिजली, पानी, सड़क सम्बन्धी कार्य प्रमुख हैं। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सड़कों का तेजी से चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया गया है।
 
उपमुख्यमंत्री ने कहा सरकार किसानों, नौजवानों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ है। किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि सीधे डी0बी0टी0 के माध्यम से भेजी जा रही है। इससे किसान खुशहाल हुआ है। आयुष्मान भारत योजना के तहत हर गरीब को 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर के साथ उपचार दिया जा रहा है। मिशन रोजगार के अंतर्गत प्रदेश सरकार ने विगत साढ़े चार वर्षांे में साढ़े चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का सराहनीय कार्य किया है। उपमुख्यमंत्री  ने कहा कि सरकार की भ्रष्टाचार एवं अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की गई है। सार्वजनिक सम्पत्ति को क्षति पहुंचाने वालों, गरीबों, कमजोरों को सताने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश सरकार महिला सम्मान, सुरक्षा व स्वावलम्बन के लिये प्रतिबद्ध है। प्रदेश में यदि कोई भी व्यक्ति बहन-बेटियों के सम्मान पर ठेस पहुंचाने की कोशिश की है तो उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के आत्म-सम्मानके लिए मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना आदि योजनाएं संचालित हैं। प्रदेश में पुलिस भर्ती में महिलाओं को 20 प्रतिशत आरक्षण का अवसर दिया गया है। आज प्रदेश में 30 हजार महिला पुलिसकर्मी बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए अपनी सेवाएं दे रही हैं।
 
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजनों को पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजी जा रही है, बिचौलियों से मुक्ति मिली है। केन्द्र तथा प्रदेश सरकार ने कोरोना काल मेंजरूरतमन्दों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। प्रदेश सरकार लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता को लाभान्वित करने का कार्य रही है। उन्होंने कहा कि जनपद श्रावस्ती विकास के क्षेत्र में नयी पहचान के साथ उभर रहा है। सभी जनप्रतिनिधिगण शासन-प्रशासन के साथ समन्वय कर शासकीय योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं, जिससे जनपद में सुख व समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। इस अवसर पर उन्होने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार किसानों के हितों व कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार ने कोरोना महामारी के बावजूद प्रदेश की सभी चीनी मिलों को चालू रखा। वर्ष 2017 से अब तक किसानों का साढ़े चार वर्ष में 01 लाख 44 हजार करोड़ रुपए का गन्ने का भुगतान किया गया है। प्रदेश सरकार ने किसानों को खुशहाल करने के लिए किसानों की आय को दोगुना करने के लिए किसानों के गन्ना मूल्य को 325 रुपये से बढ़ाकर 350 रुपये प्रति कुन्तल किया है। गन्ना मूल्य को बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश सरकार किसानों के हित व कल्याण के लिए निरन्तर गम्भीरता से कार्य कर रही है। जिससे प्रदेश के किसानों के चेहरे पर मुस्कान आयी है।
 
उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार ने 86 लाख लघु एवं सीमान्त किसानों का 36,000 करोड़ रुपए का फसली ऋण माफ किया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में 6,000 रुपए की धनराशि प्रतिवर्ष डी0बी0टी0 के माध्यम से अन्तरितकी जा रही है। प्रदेश सरकार ने क्रय केन्द्र स्थापित कर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों की उपज क्रय का कार्य किया जा रहा है। महिलाओं, गरीबों, मजदूरों, शोषित को बिना भेदभाव के कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने 15 करोड़ पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क राशन, 01 करोड़ 56 लाख को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, 02 करोड़ 61 लाख निःशुल्क शौचालय बनवाने का कार्य किया है। उन्होने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन का कार्य एवं टेस्टिंग का कार्य पूरी तत्परता के साथ कराया जा रहा है। कोरोना के दृष्टिगत हम सभी को जीवन एवं जीविका का विशेष ध्यान रखकर ही कार्य करने होंगे। हम सभी को सुशासन एवं विकास के प्रति समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश को नम्बर वन प्रदेश बनाना हमारा संकल्प है। इस अवसर पर  उपाध्यक्ष, उ0प्र0 व्यापारी कल्याण बोर्ड मनीष गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार जन-जन के उत्थान हेतु प्रतिबद्ध है। इसके लिए सरकार द्वारा तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।
 
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा ने उपमुख्यमंत्री के जनपद आगमन पर स्वागत करते हुए कहा कि ये जनपद श्रावस्ती गौतम बुद्ध भगवान की तपोस्थली है। उन्होने कहा कि देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री देश एवं प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी के मद्देनजर गरीबों के हित में तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। और सरकार द्वारा सबका साथ सबका विकास के तर्ज पर बिना भेदभाव के लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। विधायक रामफेरन पाण्डेय ने कहा कि जिले में उपमुख्यमंत्री द्वारा जो तमाम विकास कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इससे निश्चित ही जिले का गुणात्मक विकास होगा। उन्होने कहा कि देश एवं प्रदेश की सरकार द्वारा जो ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजनाएं चलायी जा रही है, उससे लोगों को लाभ मिला है और बिना भेदभाव के सरकार द्वारा जन-जन के उत्थान के लिए कदम उठाये जा रहे है। उक्त अवसर पर जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने कहा कि देश एवं प्रदेश सरकार जनपद में विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। जिससे निश्चित ही जनपद वासियों को लाभ मिलेगा।
 
जिलाध्यक्ष महेश मिश्रा ओम ने कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास की तर्ज पर बिना भेदभाव के साथ काम कर रही है। सरकार की योजनाओं से गरीब पात्रों को लाभान्वित किया जा रहा है। जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान आयी है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि देश एवं प्रदेश सरकार का एक ही लक्ष्य है कि समाज में खड़े आखिरी पंक्ति के व्यक्तियों का उत्थान और विकास हो, इसी के मद्देनजर तमाम योजनाओं का संचालन कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक अजीत उपाध्याय ने किया।

Popular posts from this blog

स्वस्थ जीवन मंत्र : चैते गुड़ बैसाखे तेल, जेठ में पंथ आषाढ़ में बेल

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ गौरी रूपेण संस्थिता।  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

!!कर्षति आकर्षति इति कृष्णः!! कृष्ण को समझना है तो जरूर पढ़ें